जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद की एक सड़क का नाम अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा है। माना जा रहा है कि तेलंगाना राइजिंग ग्लोबल समिट के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरने की कोशिश में यह कदम उठाया गया है।
हालांकि इस प्रस्ताव के बाद मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं। तेलंगाना बीजेपी ने इस कदम को आड़े हाथों लिया है और इसे दिखावटी तथा गैर-ज़रूरी बताते हुए सीएम की आलोचना की है।
मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने प्रस्ताव दिया है कि हैदराबाद में अमेरिका महावाणिज्य दूतावास को जाने वाली सड़क का नाम ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ रखा जाए। यदि यह प्रस्ताव मंजूर होता है, तो यह पहली बार होगा जब दुनिया के किसी देश में किसी मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति के नाम पर किसी सड़क का नामकरण किया जाएगा।
हैदराबाद में इससे पहले भी शहर के विकास में योगदान देने वाले नेताओं, उद्योग जगत की हस्तियों और वैश्विक कंपनियों के नाम पर सड़कों का नामकरण किया गया है। उदाहरण के तौर पर ‘गूगल स्ट्रीट’, जो शहर में कंपनी की मजबूत उपस्थिति और आर्थिक योगदान को दर्शाती है।

