- मिट्टी के डंपर ने तीन भाइयों को कुचला, एक मौत, दो गंभीर
- सड़कों पर यमदूत बनकर दौड़ रहे मिट्टी के डंपर
- बटजेवरा में बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
जनवाणी संवाददाता |
कंकरखेड़ा: रफ्तार पर कंट्रोल नहीं, फिर भी सड़कों पर दौड़ रहे हैं ‘यमदूत’। हादसे हो रहे हैं नियम टायरों तले कुचले जा रहे हैं, मगर न तो ट्रैफिक पुलिस इनके कहर को रोक पाने में सफल हो पा रही है और न ही परिवहन विभाग। राहगीर कुचले जा रहे हैं। वाहन चालक फरार हो रहे हैं। संवेदनाएं दम तोड़ रही हैं और मानवता कुचली जा रही है।
रोहटा रोड पर लखवाया गांव के निकट बाइक सवार तीन युवकों को मिट्टी के डंपर ने कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दो भाइयों की हालत गंभीर है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। पुलिस के समझाने बुझाने के बाद करीब दो घंटे बाद लोगों ने जाम खोला।


पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, मेरठ-करनाल मार्ग पर बटजेवरा गांव के सामने बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लखवाया गांव निवासी पिंटू (15), अभिषेक और विशाल पुत्र जगबीर डूंगर गांव से शादी में शामिल होने के बाद बाइक पर सवार होकर अपने घर लखवाया आ रहे थे। पीछे की तरफ से तेज गति से आ रहे मिट्टी के डंपर ने बाइक सवार तीनों भाइयों को कुचल दिया। जिसमें पिंटू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और अभिषेक व विशाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ग्रामीण एकत्र हो गए।

इस दौरान डंपर चालक मौका देखकर फरार हो गया। लोगों ने दोनों घायल भाइयों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी समय तक ग्रामीणों ने रोहटा रोड को जाम किए रखा। ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर करीब दो घंटे तक जाम लगाए रखा और जमकर हंगामा किया। बाद में समझाने के बाद उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

दोनों घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। उधर, शोभापुर गांव मे अर्जुन परिवार के साथ रहता है। अर्जुन मजदूरी करता है। शनिवार को अर्जुन का पुत्र आकाश (18) मां विमला को भाई सचिन की ससुराल बटजेवरा गांव गया था। वहां से अकेले लौटने के दौरान सरधना रोड पर बटजेवरा गांव के सामने रोडवेज ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से आकाश की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर एकत्रित हुए लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को जानकारी दी। जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

