जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: थाना लालकुर्ती क्षेत्र स्थित सेंट मैथोडिस्ट चर्च में चोरों ने सेंध लगाते हुए हजारों रुपये की नगदी व अन्य सामान चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी होने पर ईसाई समाज के लोग चर्च में पहुंचे और चोरी की वारदात पर नाराजगी जताई। वहीं समाज के लोगों का आरोप था कि चर्च में यह चोरी की तीसरी वारदात है, लेकिन थाना पुलिस अभी तक एक भी वारदात का खुलासा नहीं कर सकी है।

मैथोडिस्ट चर्च के फादर चमन ने बताया कि वह सोमवार की सुबह पांच बजे प्रार्थना करने के लिए चर्च में गए थे। जब वह वहां पहुंचे तो चर्च के मेन गेट का ताला टूटा पड़ा था। अंदर जाकर देखा तो चोरों ने चर्च में रखी करीब 12 हजार की नकदी, पीतल के क्रॉस, गुलदस्ते, साउंड सिस्टम व अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए थे।
चर्च में चोरी की वारदात की सूचना मिलने पर ईसाई समाज के लोगों मौके पर पहुंचे और रोष जताया। पूर्व पार्षद रॉबिन नाथ का कहना था कि इससे पहले भी चर्च में दो बार चोरी हो चुकी है, लेकिन पुलिस अब तक किसी घटना का खुलासा नहीं कर सकी। वहीं फादर चमन ने बताया कि चोर चर्च से नगदी समेत करीब 80 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए। इसके बाद उन्होंने लालकुर्ती थाने में चोरी की तहरीर दी।

