जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति, सहारनपुर के तत्वावधान में विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक राजीव गुंबर, पर्यावरणविद ए.सी. पनेजा, सामाजिक वानिकी प्रभाग सहारनपुर के प्रभागीय निदेशक शुभम सिंह, उप प्रभागीय वनाधिकारी संवेदना चौहान तथा क्षेत्रीय अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ध्यानी मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभिन्न गैर सरकारी संगठनों, स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राओं और नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत साइकिल रैली के साथ हुई। रैली के माध्यम से लोगों को प्रदूषण कम करने, प्लास्टिक के उपयोग को सीमित करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। इसके बाद विद्यालयी बच्चों के लिए पर्यावरण आधारित पहेलियां, खेल प्रतियोगिताएं, ट्रेजर हंट और अन्य ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सुनेहरा कल संस्था और वर्क संस्था के प्रतिनिधियों एवं स्वयंसेवकों ने भी भागीदारी करते हुए पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभाव और स्वच्छ जीवनशैली को लेकर जागरूकता अभियान चलाया।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्वच्छता अभियान भी संचालित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने आसपास के क्षेत्र की सफाई कर स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया।
इसके साथ ही वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विधायक राजीव गुंबर, पर्यावरणविद ए.सी. पनेजा, प्रभागीय निदेशक शुभम सिंह, उप प्रभागीय वनाधिकारी संवेदना चौहान तथा क्षेत्रीय अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ध्यानी के नेतृत्व में बच्चों, एनसीसी कैडेट्स, स्वयंसेवकों और अन्य प्रतिभागियों ने पौधारोपण किया तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक और सामाजिक दायित्व है।
उन्होंने लोगों से एकल उपयोग प्लास्टिक का प्रयोग कम करने, अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा जल, भूमि और अन्य प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में वन विभाग की ओर से सभी प्रतिभागियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षकों, विद्यार्थियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने का संकल्प दोहराया गया।

