जनवाणी ब्यूरो ।
सहारनपुर: थाना चिलकाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लूट के मुकदमे में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।एएसपी सिमरन सिंह ने बताया कि थाना चिलकाना पुलिस पटनी-पिलखनी मार्ग पर चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान सूचना मिली कि लूट की घटना में वांछित दो आरोपी सीकरी जाने वाले कच्चे रास्ते पर मौजूद हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से भागने लगे। पीछा करने पर उन्होंने आम के बाग में छिपकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन उर्फ आर्यन निवासी बड़ी छाप्पुर थाना नकुड़ और कार्तिक निवासी छोटी छाप्पुर थाना नकुड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे .315 बोर, पांच जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस, लूट के 2060 रुपये, एक मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
एएसपी/थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपी थाना चिलकाना में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित चल रहे थे। आरोपियों के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में लूट, चोरी और अवैध शस्त्र के कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

