नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच का विवाद फिर से सुर्खियों में है। यह विवाद 1998 के काले हिरण शिकार मामले से जुड़ा हुआ है। इस मामले पर आधारित फिल्म ‘काला हिरण’ बनाई जा रही है, जिसका पहला पोस्टर 30 मई को रिलीज़ किया गया। इसी के चलते सलमान खान की लीगल टीम ने फिल्म के प्रोड्यूसर और डायरेक्टर को कानूनी नोटिस भेजा है।
अक्षय पांडे पर आरोप
नोटिस में कहा गया है कि सलमान खान की टीम को जानकारी मिली है कि अक्षय पांडे कथित तौर पर एक्टर्स से संपर्क कर रहे थे और दावा कर रहे थे कि फिल्म की कहानी सलमान खान से जुड़े काले हिरण मामले पर आधारित है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि सलमान खान ने अपने नाम, व्यक्तित्व या किसी भी संबंधित घटनाक्रम के उपयोग की अनुमति नहीं दी है।
नोटिस का तर्क
नोटिस में यह तर्क भी दिया गया है कि काले हिरण का मामला अभी राजस्थान हाई कोर्ट में लंबित है। ऐसे में इस मामले पर आधारित फिल्म बनाना न्याय प्रक्रिया में हस्तक्षेप माना जा सकता है और सलमान खान के निष्पक्ष सुनवाई के अधिकारों का उल्लंघन हो सकता है।
चेतावनी
नोटिस में मांग की गई है कि अक्षय पांडे और अन्य संबंधित पक्ष फिल्म से जुड़ी सभी गतिविधियां तुरंत रोक दें और बिना शर्त लिखित माफी प्रस्तुत करें। नोटिस में यह चेतावनी भी दी गई है कि यदि 24 घंटे के भीतर इसका पालन नहीं किया गया, तो दीवानी और फौजदारी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

