जनवाणी संवाददाता |
चांदपुर: कृषि बिलों के विरोध में किसान संगठनों द्वारा किए गए भारत बंद के आह्वान का सड़कों पर असर दिखाई दिया लेकिन बाजार अन्य दिनों की भांति खुले नजर आए। किसान संगठनों के कार्यकर्ताओं ने नगर व क्षेत्र में आधा दर्जन स्थानों पर सड़क पर बैठकर वाहनों का चक्का जाम कर दिया।
केंद्र सरकार द्वारा लागू किये गए कृषि बिलों के विरोध में दिल्ली में चल रहे किसान संगठनों के आंदोलन का कोई परिणाम नहीं निकलने पर किसान संगठनों द्वारा मंगलवार को भारत बंद का आह्वान किया था। किसान संगठनों द्वारा किए गए भारत बंद के आह्वान का असर सड़कों पर तो दिखाई दिया लेकिन बाजार पूरी तरह से बेअसर रहे।

भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने धनोरा मार्ग स्थित ग्राम बाबनपुरा के साथ ही जलीलपुर में तथा राष्ट्रीय लोक दल कार्यकर्ताओं ने चौधरी चरण सिंह चौक पर किसान मजदूर संगठन कार्यकर्ताओं ने कस्बे में बिजनौर मार्ग पर जाम लगाकर वाहनों के पहिए जाम कर दिए। जाम के चलते लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। तीन बजे के बाद जाम खुलने पर वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।

