- व्यापार मंडल ने विभाग के उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
जनवाणी संवाददाता |
शामली: शुक्रवार को संगठन के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग के नेतृत्व में दर्जनों व्यापारियों ने शहर के करनाल रोड स्थित वाणिज्य कर विभाग कार्यालय जाकर नवनियुक्त उपायुक्त वाणिज्य कर डा. लोमेन्द्र कुमार को ज्ञापन सौंपा। जिसमें कहा कि जीएसटी कर प्रणाली में वर्तमान में उपस्थित जटिलताओं को समाप्त करते हुए जीएसटी कर प्रणाली के सरलीकरण किया जाए।
सचल दल प्रणाली को पूर्णतया समाप्त करने एवं पूर्व में 18 जुलाई से प्री पैक एवं प्री लेबल्ड खाद्य पदार्थों पर 5 प्रतिशत जीएसटी कर लगाए जाने के आदेश को वापस लेने की मांग का मुद्दा उठाया। घनश्याम दास गर्ग ने कहा कि प्रदेश भर में व्यापारियों को अनावश्यक नोटिस जारी कर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है, जो बंद होना चाहिए। अधिकारी अपने टारगेट पूरे करने के लिए व्यापारियों पर दबाव बनाकर जबरदस्ती टैक्स जमा कराते हैं। जिसके विरोध में आन्दोलन किया जाएगा।

