जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुन: जिले में गुरुवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान, मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। सबसे भयावह स्थिति मां शाकंभरी देवी मंदिर क्षेत्र में देखने को मिली, जहां पहाड़ी इलाकों में हुई भारी बारिश के बाद बरसाती नदी-नालों में अचानक तेज उफान आ गया। कुछ ही मिनटों में पानी सड़क तक पहुंच गया और वहां खड़े कई वाहन तेज बहाव में बह गए।
श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पानी का बहाव इतना तेज था कि लोग अपने वाहन तक नहीं पहुंच सके। करीब 10 से 12 कारें और अन्य वाहन पानी की चपेट में आ गए। कई वाहन देर रात तक लापता रहे और सुबह लोग उन्हें तलाशते नजर आए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सड़कें नदी जैसी दिखाई दीं।
दो लोगों की दर्दनाक मौत
इस हादसे में सावित्री पत्नी चंद्रभान नाम की महिला की पानी में बहने से मौत हो गई। वहीं एक अन्य पुरुष भी तेज बहाव में बह गया, जिसकी जान नहीं बच सकी। स्थानीय लोगों और प्रशासनिक टीमों ने देर रात तक राहत एवं बचाव अभियान चलाया, लेकिन दोनों को सुरक्षित नहीं बचाया जा सका। बाद में शव बरामद कर लिए गए। हालांकि प्रशासन की ओर से देर रात तक आधिकारिक पुष्टि का इंतजार बताया गया।
शहर में कई जगह तबाही
तेज आंधी के चलते शहर के कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ। नगर निगम द्वारा लगाए गए ग्रीन नेट, लोहे के पाइप, बांस और अस्थायी ढांचे तेज हवा में उड़कर सड़कों पर गिर गए। कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे धराशायी हो गए, जिससे यातायात और बिजली व्यवस्था प्रभावित रही। सुबह होते ही शहर के मुख्य मार्गों पर लंबा जाम लग गया और लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। कई दोपहिया वाहन चालक हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचे।
मंदिर क्षेत्र और गांवों में जलभराव
शाकंभरी देवी मंदिर क्षेत्र, बेहट रोड और आसपास के ग्रामीण इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही। बरसाती पानी घरों और दुकानों तक पहुंच गया। कई संपर्क मार्गों पर पानी भरने से आवाजाही बाधित हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश में इस तरह की स्थिति बनती है, लेकिन इस बार पानी का बहाव बेहद खतरनाक था।
मौसम विभाग का पहले से था अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए पहले ही तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का रेड अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग के अनुसार सहारनपुर समेत कई जिलों में 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई थी। अगले दो दिनों तक भी मौसम खराब रहने की चेतावनी दी गई है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों, पहाड़ी क्षेत्रों और बरसाती रास्तों से दूर रहें। साथ ही अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।

