- गनीमत ये रही कि जिस वक्त आग लगी, उस वक्त ट्रांसफार्मर के आसपास कोई नहीं था
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: बागपत रोड स्थित ग्रीनवुड कालोनी के ट्रांसफार्मर में मंगलवार रात को अचानक लगी आग से हड़कंप मच गया। शाम के वक्त ट्रांसफार्मर में आग लग गयी। गनीमत ये रही कि जिस वक्त आग लगी, उस वक्त ट्रांसफार्मर के आसपास कोई नहीं था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले ट्रांसफार्मर में चिंगारियां उठ रही थीं, फिर तेजी से धुआं निकलने लगा। इससे पहले दूर खडेÞ लोग कुछ समझ पाते, ट्रांसफार्मर धू-धूकर जलने लगा। लपटों से घिरा ट्रांसफार्मर आग का गोला बन गया। जलते हुए ट्रांसफार्मर में से निकल रहे तेल से आग और भी तेजी से भड़कने लगी।
तब तक पूरी कालोनी ट्रांसफार्मर फूंकने की बात जंगल की आग की तरह फैल गयी। काफी लोग वहां जमा हो गए। इसी दौरान अचानक कालोनी की लाइट गुल हो गयी। ट्रांसफार्मर करीब पौन घंटे तक चलता रहा। कुछ लोगों ने इसकी सूचना समीप के बिजलीघर पर दी। हालांकि वहां पहले ही पता चला चुका था कि ट्रांसफार्मर फुंक चुका है। ट्रांसफार्मर में लगी आग की वजह से पूरी कालोनी की बत्ती कई घंटे गुल रही।
आमतौर पर होता यह है कि जब भी किसी इलाके में कोई ट्रांसफार्मर फुंकता है तो संबंधित बिजलीघर से मोबाइल ट्रांसफार्मर लाकर वहां बिजली आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था कर दी जाती है, लेकिन ऐसा उन्हीं इलाकों में आमतौर पर किया जाता है जहां के लोग हंगामा व बिजलीघर पर जाकर बबाल कर देते हैं। ग्रीनवुड के बाशिंदों ने संयम से काम लिया। किसी प्रकार का हंगामा नहीं किया जिसका नतीजा यह हुआ कि जून की जानलेवा गर्मी में उन्हें घंटों बिजली के लिए तरसना पड़ा।

