- आयात ड्यूटी बढ़ाने से सराफा बाजार में नाराजगी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: एक महीने से सोने के दामों में जहां लगातार उछाल देखने को मिल रही है। वहीं सराफा बाजार में सन्नाटा छाया हुआ है। शहर सराफा बाजार के कारोबारियों का कहना है कि आयात डयूटी बढ़ने से सोने के कारोबार पर बुरा असर पड़ेगा। पहली बार ऐसा हो रहा है कि सोने के दाम बढने के बावजूद लोग सोना बेचने कम आ रहे हैं। मंगलवार को भी सोने की कीमतों में तेजी का रुख बना रहा।
इसके दाम 200 रुपये चढ़कर 53,700 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गए थे। एक माह में सोने के दाम 1200 रुपये प्रति 10 ग्राम तक चढ़ चुके हैं। वहीं चांदी के दामों में विपरीत रूख देखा जा रहा है। पिछले एक माह में चांदी के दाम 3700 रुपये प्रति किलोग्राम तक टूट चुके है। ऐसा पहली बार देखने में आ रहा है कि सोने के भाव जहां बढ़ते जा रहे है, वहीं चांदी के दामों में गिरावट का रूख बना हुआ है। सोने की कीमत दो महीने के अधिकतम स्तर पर पहुंच गई।
बता दें कि सरकार की ओर से सोने पर आयात शुल्क बढ़ाने के फैसले के बाद भारत में सोने की कीमतों में लगभग तीन फीसदी यानी 1500 रुपये प्रति दस ग्राम की वृद्धि हुई थी। सरकार ने सोने पर आयात शुल्क 7.5 फीसदी से बढ़ाकर 12.5 फीसदी कर दिया है। सोने पर आयात शुल्क में बड़ी वृद्धि के बाद इसकी कीमतों में आगे भी तेजी जारी रहेगी। सराफा बाजार एसोसिएशन के सर्वेश सराफ का कहना है सोने की कीमतों पर अभी कुछ समय तक दबाव बने रहने की उम्मीद है।
सरकार की ओर से आयात शुल्क बढ़ाने के फैसले के बाद बाजार में एक असुरक्षा का माहौल बना है। आशंका जताई जा रही है कि आयात शुल्क बढ़ाने से सोने की कालाबाजारी बढ़ सकती है। भारतीय बाजार में सोने की कीमत और दुनिया के बाजारों में सोने की कीमत आयात शुल्क के अलावा डॉलर के मुकाबले रुपये के उतार-चढ़ाव पर निभर्र करती है। ज्वैलर्स भी सरकार से सोने के आयात शुल्क में बढ़ोतरी पर पुनर्विचार की मांग कर रहे है।
आयात शुल्क में वृद्धि से सोने की तस्करी काफी हद तक बढ़ने की आशंका है। नतीजतन सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो सकता है। सराफा विजय आनंद का भी कहना है कि आयात ड्यूटी बढ़ने से सोने के दामों में वृद्धि होगी और इसका बुरा असर देखने को मिलेगा।
सराफा बाजार में कारोबारी विजय रस्तोगी का कहना है कि सोने के दाम मंगलवार को 52900 रुपये प्रति 10 ग्राम है, लेकिन पूरा बाजार खाली पड़ा हुआ है। पहले सोने के दाम बढ़ने पर लोग सोना बेचते थे, लेकिन अब ऐसा देखने को नहीं मिल रहा है। दाम लगातार बढ़ने से सोने के खरीददार सिर्फ भाव पूछकर जा रहे हैं। सर्राफ संजय कुमार का कहना है कि आयात ड्यूटी बढ़ने से सोने के दाम भी बढ़ेंगे और इसकी मार आम ग्राहकों पर पड़ेगी।

