जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित एसबीआई कॉलोनी के तिरंगा चौक के पास किराये के कमरे में एक लैब टेक्नीशियन और एक शिक्षिका के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने बीती रात बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर दोनों के शव बरामद किए। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया लैब टेक्नीशियन द्वारा अपने हाथ की कलाई की नस काटने के बाद खिड़की के सहारे आंशिक फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने तथा शिक्षिका द्वारा किसी विषैले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या किए जाने की आशंका है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
पुलिस ने जांच के दौरान मेडीग्राम अस्पताल पहुंचकर जानकारी जुटाई। पता चला कि केरल निवासी करीब 40 वर्षीय सैम कमनिश भी बुधवार को ड्यूटी से जल्दी घर चला गया था। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में दोनों एक कार से जाते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने चालक से पूछताछ की, जिसने बताया कि उसने दोनों को एसबीआई कॉलोनी स्थित सैम के किराये के कमरे पर छोड़ा था।
रात में दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंची पुलिस
बीती रात पुलिस और परिजन सैम के कमरे पर पहुंचे। कई बार आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। पुलिस ने खिड़की से अंदर देखा तो संदिग्ध परिस्थितियां नजर आईं। इसके बाद स्थानीय लोगों की मौजूदगी में रात करीब 12 बजे दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया गया। कमरे के अंदर सैम का शव खिड़की के सहारे फंदे से लटका मिला, जबकि आस्था का शव फर्श पर पड़ा था।
एसएसपी और फोरेंसिक टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक नगर तथा फोरेंसिक एवं फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कमरे से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और दोनों के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़िए दैनिक जनवाणी।

