जनवाणी संवाददाता |
थानाभवन: भीषण गर्मी के कारण बैंक शाखा में आने वाले उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिसके चलते थानाभवन के पंजाब नेशनल बैंक शाखा प्रबंधक ने बैंक के बाहर टैंट लगवा दिया है ताकि लाइन में खड़े उपभोक्ता धूप से बच सकें।
उमस भरी गर्मी के बीच बुधवार को गर्म हवाओं ने लोगों को घरों से बाहर निकलने से रोक दिया। गर्मी के कारण पूरे दिन लोग पसीने से तरबतर रहे। दिन चढ़ने के साथ ही भगवान भास्कर के तेवर और तल्ख हो गए। दोपहर तक हर कोई बेहाल दिखा।
थानाभवन बैंक पर पहुंचने वाले ग्राहकों के लिए भीषण गर्मी में लाईन में खड़ा होना बहुत बड़ी मुश्किल साबित हो रहा था। जिसके बाद ग्राहकों को धूप से बचाव के लिए पीएनबी ब्रांच मैनेजर अनिल सोनकर ने अपने खुद के खर्च से बैंक के बाहर टैंट लगवाते हुए ठंडे पानी की व्यवस्था कराई है।
ब्रांच मैनेजर अनिल सोनकर ने बताया कि गर्मी के कारण किसी उपभोक्ता की हालत भी बिगड़ सकती है। वहीं भीषण गर्मी में लोग अपनी जरूरत के हिसाब से बैंक शाखा पहुंच रहे हैं। धूप से बचाव के लिए ही बैंक के बाहर टैंट लगवाया गया है और पानी की व्यवस्था कराई गई है।

