जनवाणी संवाददाता |
चांदपुर: शिवरात्रि पर्व पर भगवान आशुतोष का अभिषेक करने के लिए हरिद्वार से कावड़ में गंगा जल लेकर लौट रहे कावड़ियों द्वारा लगाए जा रहे बोल बम के जयकारों से नगर का वातावरण शिवमय हो गया है। कंधे पर कावड़ रखें भोले की भक्ति में डूबे कावड़िए अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं।
फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाए जाने वाले शिवरात्रि पर भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने के लिए हरिद्वार से श्रद्धालु कांवड़ में गंगाजल लेकर आते हैं। शिवरात्रि का त्यौहार नजदीक आते ही नगर व क्षेत्र की सड़कें श्रद्धालुओं से भर गई है। कंधे पर गंगाजल से भरी कावड़ लेकर भोले के भक्त बोल बम के जयकारे लगाते हुए पैदल ही अपने मार्ग पर बढ़ते जा रहे हैं।
कावड़ियों द्वारा लगाए जा रहे बोल बम के जयकारों से नगर का वातावरण शिवमय होने लगा है। कांधे पर कावड़ लिए श्रद्धालु लगातार अपने शिवलयों की ओर बढ़ रहे हैं। रास्ते में लगे भंडारों के नजदीक पहुंचकर कावड़ियों को जब थकान महसूस होती है तो डीजे पर बज रहे भोले के भजनों पर झूम कर अपनी थकावट उतारते हैं, और फिर कावड़ लेकर आगे की ओर रवाना हो जाते हैं।
कावड़ियों के स्वागत के लिए नगर वासियों ने भी भरपूर व्यवस्था कर रखी है। विवेक कॉलेज बिजनौर के अध्यक्ष अमित गोयल के नेतृत्व में सोशल वेलफेयर क्लब के तत्वाधान में नगर के रामलीला मैदान में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। भंडारे में श्रद्धालुओं के रहने खाने की व्यवस्था के साथ ही दवाई के इंतजाम भी किए गए हैं।

