जनवाणी संवाददाता ।
सहारनपुर: वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के तहत शनिवार को “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत सेशन हाउस एवं दीवानी न्यायालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार और प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय देवेन्द्र सिंह ने सेशन हाउस परिसर में पौधारोपण कर किया। इसके बाद दीवानी न्यायालय परिसर में औषधीय एवं छायादार पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल त्यागी, प्रभागीय वनाधिकारी चांदनी, अपर जिला जज मोहम्मद अहमद खान, अपर जिला जज विकास गुप्ता, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मीनाक्षी सिन्हा, उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. संवेदना चौहान, न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं तथा न्यायालय कर्मचारियों ने भी पौधारोपण किया और पौधों की सुरक्षा, नियमित सिंचाई एवं संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृ सम्मान का भी संदेश देता है। उन्होंने सभी नागरिकों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील की।कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं न्यायालय कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने परिसर को हरित और स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।

