जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: चुनाव आयोग के ताज़ा रुझानों में केरल की सियासत में बड़ा बदलाव नजर आ रहा है। कांग्रेस की अगुवाई वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है, जिससे राज्य में सत्ता परिवर्तन के संकेत मिल रहे हैं।
रुझानों के मुताबिक यूडीएफ 89 सीटों के आंकड़े को पार कर चुकी है और 100 के लक्ष्य के काफी करीब पहुंच गई है। यह बढ़त एग्ज़िट पोल के अनुमानों से भी ज्यादा मानी जा रही है।
जेबी माथेर का बयान
कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने इन रुझानों पर खुशी जताते हुए कहा, ‘हमने 89 का आंकड़ा पार कर लिया है और अब 100 के करीब हैं। यह एग्ज़िट पोल के अंदाज़ों से कहीं ज्यादा है। केरल के लोगों ने कांग्रेस नेतृत्व वाली यूडीएफ को बड़ी जीत दी है। यह हमारे लिए उत्साह, उमंग और गर्व का पल है।’
उन्होंने आगे कहा कि यह नतीजे जनता के विश्वास को दर्शाते हैं और साथ ही लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) की विफलता को भी उजागर करते हैं। उनके मुताबिक, एंटी-इनकंबेंसी फैक्टर ने इस बार अहम भूमिका निभाई है।
सियासी संकेत
ताज़ा रुझान साफ संकेत दे रहे हैं कि केरल में यूडीएफ की वापसी लगभग तय मानी जा रही है। अगर यही रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो राज्य में सत्ता परिवर्तन निश्चित हो सकता है। केरल में यूडीएफ की मजबूत बढ़त और कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रिया से साफ है कि पार्टी इस बार बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है, हालांकि अंतिम तस्वीर मतगणना पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

