- हिंदू महिला महाविद्यालय में जागरुकता चौपाल आयोजित
जनवाणी संवाददाता |
शामली: हिंदू महिला महाविद्यालय के प्रांगण में मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूह की संगोष्ठी, कार्यशाला तथा उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित महिला जनसुनवाई एवं जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया।
गुरुवार को हिंदू महिला महाविद्यालय में मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ डा. प्रियवंदा तोमर सदस्य राज्य महिला आयोग ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर डा. प्रियम्वदा तोमर ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्री व विद्यालय की छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए मिशन शक्ति अभियान की शुरूआत की गई है।
जिसके भविष्य में दूरगामी परिणाम देखने को मिलेंगे। उन्होंने छात्राओं द्वारा नारी शक्ति पर की गई रचनाओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं छात्राओं द्वारा बनाई गई पेंटिंग व भव्य रंगोली की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से प्रेरणा लेनी चाहिए।

मुख्य विकास अधिकारी शंभू नाथ तिवारी ने कहा कि इतिहास बदल रहा है एक नए युग का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से जनपद में समूह महिलाएं राशन वितरण, बिजली बिल जमा करने, सामुदायिक शौचालय का रखरखाव, ड्रेस सिलाई एवं अन्य विभिन्न कार्यों की जिम्मेदारियों को निभाने में अपनी भूमिका निभा रही हैं।
यह मिशन शक्ति का आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता हुआ कदम है। महिला थाना प्रभारी नीरज चौधरी ने महिलाओं को 112,1090,1098,181,102,1076 हैल्पलाइन नम्बरों के बारे में विस्तार रूप से जानकारी दी गई। अंत में सदस्य राज्य महिला आयोग डा. प्रियवंदा तोमर ने स्वयं सहायता समूह की उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्री तथा छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन जीजीआईसी कंडेला के प्रधानाचार्य अमित मलिक ने किया।
इस अवसर पर डीसी एनआरएलएम शैलेन व्यास, जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष श्रीवास्तव, नोडल अधिकारी प्रसून राय, प्राचार्य मंजू गर्ग उपस्थित रहे।
छात्राओं को दिया आत्मरक्षा का प्रशिक्षण
वीवी डिग्री कॉलेज में मिशन शक्ति विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें गुरुवार को ट्रेनर अंजलि द्वारा छात्राओं को उनकी सुरक्षा के टिप्स के साथ जूड़ो और ताइक्वांडो के द्वारा छात्राओं का प्रशिक्षण दिया गया। इसके विषय में शारीरिक और बौद्धिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इससे पूर्व 1 मार्च को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं पर स्लोगन प्रतियोगिता, 2 मार्च को शपथ ग्रहण समारोह, 3 मार्च को योग का प्रशिक्षण दिया गया है। कार्यक्रम में प्राचार्या डा. वंदना के कुशल निर्देशन में संपन्न कराया गया। इस कार्यक्रम में डा. बबली रानी, पूजा, डा. छवि, डा. मृदुला जैन, डा. अनुप्रीता, ऋचा भारद्वाज आदि मौजूद रहे।

