01– उत्तराखंड में बारिश का ढाया कहर। मलबे में दबने से दो महिलाओं की मौत।
उत्तराखंड में शनिवार सुबह भारी बारिश और भूस्खलन के कारण मलबे में दबने से दो महिलाओं की मौत हो गई। बादल फटने से पिथौरागढ़ के सीमावर्ती क्षेत्रों में भारी तबाही मची है। पिथौरागढ़ के विकासखंड धारचूला में एक महिला की मौत हो गई है। जबकि 50 घर जलमग्न हो गए हैं।

02– आरएसएस की अखिल भारतीय समन्वय बैठक आज से प्रारंभ। मोहन भागवत और जेपी नड्डा ने की शिरकत।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय समन्वय बैठक शनिवार को रायपुर के जनमानस भवन में प्रारंभ हुई। बैठक का शुभारंभ सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने किया। वहीं इस मौके पर भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे।

03– उत्तराखंड के हरिद्वार में कच्ची शराब पीने से सात लोगों की मौत। कई घरों में चीख पुकार, मौके पर पहुंचे अधिकारी।
हरिद्वार के फूलगढ़ में शनिवार को कई घरों से चीख-चीखकर मच गया। जिन्हें सुनकर इलाके के लोग सिहर उठे। शुक्रवार की रात से शनिवार की सुबह तक पांच लोग दम तोड़ चुके हैं, इससे पहले शुक्रवार दिन में दो लोगों की मौत हुई थी। ये सभी मौतें कच्ची शराब पीने से हुई हैं।

04– जुबिन नौटियाल आतंकवादी के साथ कर रहे हैं काम!। पोस्टर सामने आते ही उठी गिरफ्तारी की मांग।
जुबिन नौटियाल के आगामी कॉन्सर्ट के पोस्टर पर लिखे ऑर्गनाइजर के नाम को लेकर सोशल मीडिया पर बवाल मचा है। नेटिजन्स पोस्टर को साझा कर दावा कर रहे हैं, ‘जय सिंह उर्फ़ रेहान सिद्दीकी असल में भारत का वॉन्टेड क्रिमिनल है।’ सोशल मीडिया यूजर्स आरोप लगा रहे हैं कि जय सिंह उर्फ़ रेहान सिद्दीकी आतंकवादी समूह ‘आईएसआई’ से जुड़ा है।

05– अखिलेश और नीतीश का पोस्टर लगाकर सपाई दे रहे संदेश। यूपी-बिहार मिलकर केंद्र से हटाएंगे मोदी सरकार।
लखनऊ में समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय के बाहर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के पोस्टर लगाए जा रहे हैं। जिसके माध्यम से संदेश दिया जा रहा है कि यूपी और बिहार मिलकर भाजपा के लोकसभा सदस्यों की संख्या कम कर दें तो मोदी सरकार खिसक सकती है। सपा नेता आईपी सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में अभियान चलाया जाएगा।

06– कोलकाता में छह ठिकानों पर ईडी की टीम ने मारा छापा। अब तक सात करोड़ रुपये बरामद।
शिक्षक घोटाला, पशु तस्करी और कोयला घोटाला मामले में सीबीआई के अलावा ईडी और सीआईडी पिछले कुछ दिनों से पश्चिम बंगाल में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। इसी कड़ी में शनिवार को ईडी की टीम ने कोलकाता में चार जगह छापेमारी की। जिसमें भारी मात्रा में कैश बरामद किया गया है, अभी भी नकदी की गिनती जारी है।

07– ब्रिटेन के नए राजा के रूप में चार्ल्स तृतीय की हुई ताजपोशी। परिग्रहण परिषद की बैठक में हुआ एलान।
सेंट जेम्स पैलेस में परिग्रहण परिषद की बैठक में चार्ल्स तृतीय को आधिकारिक तौर पर ब्रिटेन का नया सम्राट घोषित किया गया। इससे पहले ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का गुरुवार को निधन हो गया। जिसके बाद ही ये तय हो गया था कि चार्ल्स तृतीय ब्रिटेन के नए राजा होंगे।

08– ओवैसी ने की देश में खिचड़ी सरकार की मांग। बोले- बहुत देख लिए ताकतवर प्रधानमंत्री।
ऑल इंडिया इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने आज अहमदाबाद में आम आदमी पार्टी, भाजपा, नीतीश कुमार और ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पीएम मोदी पर तंज करते हुए कहा कि देश ने ताकतवार पीएम बहुत देख लिए, अब कमजोर पीएम और खिचड़ी सरकार चाहिए।

09– रणबीर ने दी प्रभास को दी बड़ी पटखनी। तोड़ा बाहुबली की कमाई का रिकॉर्ड।
अयान मुखर्जी की ‘ब्रह्मास्त्र’ का जादू न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी चल पड़ा है। रणबीर कपूर-आलिया भट्ट की फिल्म ने भारत में तो ताबड़तोड़ कमाई की ही है, साथ ही में वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर भी कमाल दिखाया है। सामने आ रहे आंकड़ों के मुताबिक रणबीर कपूर ने प्रभास को पछाड़ दिया है।

10– सीडीएस बिपिन रावत के नाम पर होगा मिलिट्री स्टेशन व सड़क। अरुणाचल प्रदेश ने दिया सम्मान में बदला नाम।
भारतीय सेना के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ दिवंगत जनरल बिपिन रावत को शनिवार को सम्मान दिया गया। अरुणाचल प्रदेश के किबिथू में एक सैन्य स्टेशन और सड़क को उनका नाम दिया गया। चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा एलएसी पर लगी लोहित घाटी पर स्थित सैन्य स्टेशन अब जनरल बिपिन रावत के नाम से जाना जाएगा।

11– ब्रिटेन की गृहमंत्री के पिता की पुश्तैनी जमीन पर कब्जा। एसआईटी ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच।
ब्रिटेन की गृहमंत्री सुएला ब्रेवरमैन के पिता ने शिकायत की है कि उत्तरी गोवा में उनकी दो पुश्तैनी संपत्तियों पर एक अज्ञात व्यक्ति ने कब्जा कर लिया है, जिसके बाद राज्य पुलिस की एसआईटी ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी है।

12– ‘यीशु असली भगवान हैं, शक्ति जैसे नहीं‘। राहुल के साथ चर्चा में तमिल पादरी के बयान से बवाल।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर नया विवाद छिड़ गया है। दरअसल, राहुल ने यात्रा के दौरान कैथोलिक पादरी जॉर्ज पोन्नैया सहित अन्य के साथ बैठक की। इस बैठक की वीडियो क्लिप वायरल हो रही है। इसमें राहुल गांधी पादरी से सवाल कर रहे हैं कि ‘क्या जीसस क्राइट ईसा मसीह ईश्वर का एक रूप हैं? क्या यह सही है? जवाब में पोन्नैया कहते हैं, ‘हां वह असली भगवान हैं, शक्ति हिंदू देवी जैसे नहीं हैं।’

13– पुरातत्ववेत्ता बीबी लाल का निधन। पीएम मोदी और सीएम योगी ने जताया शोक।
पुरातत्ववेत्ता और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के पूर्व महानिदेशक प्रोफेसर बृजबासी बीबी लाल का निधन हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। साथ ही कई इतिहासकारों और पुरातत्ववेत्ताओं ने भी दुख प्रकट किया है।

14– सहारनपुर में आज हुआ दर्दनाक हादसा। हाईटेंशन लाइन के चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत।
सहारनपुर जिले के रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव मदनुकी में एक किसान के खेत में पेड़ काटने आए तीन मजदूरों की हाईटेंशन विद्युत लाइन के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। जबकि उनका एक साथी गंभीर रुप से घायल हो गया।

15– गांव में अजगर निकलने से फैली दहशत। देर से पहुंचे वन विभाग के कर्मचारी।
बहराइच जिले के खैरीघाट थाना क्षेत्र के सधुवापुर गांव में शनिवार की सुबह गांव के बाहर रोड पर एक अजगर दिखाई दिया। खेत में काम करने जा रहे ग्रामीणों ने जब उसे देखा तो सभी दहशत में आ गए। वन विभाग को आने में देरी देख दिलीप पाण्डेय ने अजगर का रेस्क्यू किया और पास के जंगल में छोड़ दिया।

16– सुभासपा में मची भगदड़ से आहत राजभर का बड़ा आरोप। बोले, पार्टी तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं अखिलेश यादव।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी में मचे भगदड़ से आहत पार्टी अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने इसके लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि सपा संरक्षक मुलायम सिंह और अखिलेश नहीं चाहते हैं कि कोई भी पिछड़ा नेता आगे बढ़े।

17– लेवाना होटेक अग्निकांड में कई विभागों के अफसर मिले दोषी। जांच रिपोर्ट में की गई कार्रवाई की सिफारिश।
लखनऊ में अफसरों की मिलीभगत और भ्रष्टाचार की नींव पर खड़े लेवाना होटल अग्निकांड की रिपोर्ट प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद को सौंप दी गई है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब और पुलिस आयुक्त एसबी शिरडकर की जांच में मुख्य रूप से लखनऊ विकास प्राधिकरण और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को दोषी पाया गया है। इनके खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की गई है।

18– कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पहुंची तमिलनाडु के मुलागुमूदु। राहुल गांधी के साथ दिखा जन सैलाब।
कांग्रेस की ओर से निकाली जा रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आज चौथा दिन है। शनिवार को राहुल गांधी की पद यात्रा तमिलनाडु के मुलागुमूदु पहुंची। इस दौरान लोगों का हुजुम दिखाई दिया। 19 सितंबर को प्रियंका गांधी के भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने की संभावना है।

19– पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम में बड़ा घोटाला आया सामने। स्टोर से नया सामान बेचा, पुराना सामान लगाया।
बागपत जिले बड़ौत में पश्चिमांचल विद्युत निगम में दो ठेकेदार स्टोर से नया सामान उठाते रहे और पुराना सामान लगाते रहे। इतना ही नहीं टेंडर लेने के दौरान जो हैसियत और चरित्र प्रमाणपत्र लगाए, वह भी जांच में फर्जी निकले हैं। अधिशासी अभियंता द्वितीय राजेश कुमार के खुलासे के बाद निगम के प्रबंधन निदेशक ने घोटाले की जांच शुरू करा दी है।

20– कृषि वैज्ञानिक सम्मेलन में बोले कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही। सूखाग्रस्त इलाकों में 20 हजार सोलर पंप लगाएगी योगी सरकार।
मेरठ जिले के मोदीपुरम में स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में वैज्ञानिकों का सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा है कि योगी सरकार सूखाग्रस्त इलाकों में 20 हजार सोलर पंप व 21 सौ नए नलकूप लगवायेगी ताकि किसानों की फसलों को नष्ट होने से बचाया जा सके।


