- 8228 टेस्टिंग हुई, अब तक 113447 का हो चुका परीक्षण
- पंचायत चुनाव के दो निर्वाचन अधिकारी हुए कोरोना संक्रमित
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोरोनाका दूसरा चरण भयावह स्थिति में जा रहा है। लगातार तीसरे दिन 200 से अधिक मामले निकलने के कारण दहशत का माहौल बन गया है। सोमवार को 8228 लोगों की टेस्टिंग हुई थी जिसमें 256 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। वहीं एक कोरोना संक्रमित की मौत हो गई।
अब तक मेरठ में 23405 लोग कोरोना के शिकार हो चुके हैं और 414 लोगों की मौत हो चुकी है। सीएमओ अखिलेश मोहन ने बताया कि कोरोना के दूसरे चरण में कांटेक्ट चेन का बहुत बड़ा रोल अदा कर रही है। कोरोना ने गंगानगर के इलाके में कई लोगों को संक्रमित कर दिया। 10 लोग इससे संक्रमित हो गए। निर्वाचन अधिकारी अधिशासी अभियंता जल निगम मुकेश पाल कोरोना पॉजिटिव होने के कारण ड्यूटी से हटाये गए।

यह सरूरपुर ब्लॉक के निर्वाचन अधिकारी थे। इसके अलावा कुलदीप संत सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग को दौराला का निर्वाचन अधिकारी बनाया गया था, उनको भी कोरोना संक्रमित होने के कारण ड्यूटी से हटा दिया गया। उन्होंने बताया कि तिलक रोड, बेगमबाग रोड, सदर बाजार, थापर नगर में भी संक्रमित मिले है।
दौराला के डीलक्स कालोनी में चार लोग, समोली रोड दौराला में तीन लोग संक्रमित हुए। मंगल पांडेय नगर के उदय पार्क निवासी दो लोग, पल्लवपुरम, रोशनपुर डोरली, पल्हेड़ा, गोल्डन एवेन्यू फेस टू, दो फौजी, सेक्टर सात शास्त्रीनगर में एक ही परिवार के तीन लोग, जैदी सोसायटी में संक्रमित मिले है। उन्होंने बताया कि छावनी सरधना के 14 लोग संक्रमित हो गए। सरधना में दो दिन पहले भी काफी तादाद में लोग संक्रमित हुए थे। नंगला बट्टू और प्रभात नगर में पांच लोग संक्रमित निकले हैं। वहीं, ओम सांईधाम निवासी एक 48 वर्षीया महिला की कोरोना से मौत हो गई।

सरधना में कोरोना से शिक्षक की मौत
क्षेत्र में कोरोना संक्रमण मौत बनकर लोगों पर टूट रहा है। गांधीनगर मोहल्ला निवासी मास्टर हिमांशु बेगमाबाद गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे। करीब 10 दिन पूर्व उन्होंने कोरोना की जांच कराई थी। रिपोर्ट आने पर पता चला कि वह कोरोना पॉजिटिव है। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया था।
हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें दिल्ली के अपोलो अस्पताल में हिमांशु को भर्ती कराया था। जहां सोमवार को उपचार के दौरान शिक्षक की मौत हो गई। शिक्षक की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया है कि शिक्षक के परिवार के अन्य सदस्य भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इस संबंध में सीएचसी प्रभारी डा. राजेश कुमार का कहना है कि कोरोना से संक्रमित एक शिक्षक की मौत का मामला सामने आया है। उनके संपर्क में आने वाले लोगों की भी जांच कराई जाएगी।
पहले चरण में लग चुकी 81.2 फीसदी वैक्सीन
कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। जिस रफ्तार से लोग संक्रमित होते जा रहे हैं उसको देखते हुए प्रशासन लगातार वैक्सीन पर जोर दे रहा है। अब तक 45 साल से ज्यादा उम्र वालों के 81.2 प्रतिशत लोगों को वैक्सीन लग चुकी है जबकि दूसरी डोज 65.6 फीसदी लोगों को लग चुकी है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि मेरठ में 45 साल से अधिक उम्र के 28027 लोगो को टीका लगना है।
इनमें पहली डोज 22763 लोगों को लग चुकी है। इसी तरह दूसरी डोज 14928 लोगों को लग चुकी है। वही मार्च और 12 अप्रैल तक 300680 लोगों को टीका लग चुका है। इसमें साठ साल से ऊपर वाले 87221 और 45 से 60 साल की उम्र वाले 76832 लोगों को टीका लग चुका है। जबकि 5819 लोगों को बूस्टर डोज लग चुकी है। जनपद में पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी कोरोना का प्रकोप जारी है। बचाव के मात्र दो रास्ते है।
पहला मास्क लगाएं और नंबर दो 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोग टीका लगवा कर सुरक्षित रहे। समस्त प्रदेश एवं देश में 45 वर्ष से अधिक आयु के कोरोना पीड़ित लोगों की मृत्यु का दर 85 फीसदी है। जनपद में 114 सरकारी स्थानों तथा 46 प्राइवेट संस्थानों में सुबह 9 बजे से सायं 5 बजे तक सभी प्रिय जनों का जिनकी आयु 45 वर्ष से अधिक है तुरंत टीकाकरण कराएं ।
दुनिया में टॉप पर देश
लगातार छठे दिन देश में एक लाख से अधिक कोरोना पाजिटिव निकल रहे हैं। जबकि ब्राजील में 98317 और अमेरिका में 76317 संक्रमित निकल रहे हैं। जबकि तुर्की में 50 हजार रोज संक्रमित मिल रहे हैं। जहां तक कोरोना से मौतों का मामला है, भारत का विश्व में पांचवां स्थान है। ब्राजील में 12 अप्रैल तक 3693, अमेरिका में 962, मैक्सिको में 874 और भारत में 839 मौतें हो चुकी है। जबकि अपने देश में महाराष्ट्र में 63294 केस निकले हैं। महाराष्ट्र में मिलने वाले केस पूरी दुनिया के दो बड़े देशों से थोड़ा कम है।

