- लूट की स्कूटी और चेन हुई बरामद
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: थाना नौचंदी पुलिस ने शनिवार को एक फल ठेकेदार के साथ मारपीट के बाद स्कूटी लूट के मामले का खुलासा करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जिसमें गैंग का सरगना टीपीनगर थाने में तैनात होमगार्ड है। पकड़े गए होमगार्ड व उसके साथी ने पुलिस पूछताछ में आधा दर्जन से ज्यादा वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने पकड़े गए दोनों बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने सोमवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए बताया कि शनिवार की रात को विक्टोरिया पार्क के पास दो युवकों ने फल ठेकेदार नीरू सोनकर के साथ मारपीट करते हुए स्कूटी लूट ली थी।
इस मामले में कार्रवाई करते हुए नौचंदी इंस्पेक्टर प्रेमचंद्र ने अपनी टीम के साथ फूलबाग कॉलोनी निवासी संजय राघव उर्फ गुड्डू व तक्षशिला कॉलोनी के रहने वाले उसके साथी लव ठाकुर को गिरफ्तार किया। पकड़े गए दोनों बदमाशों से पूछताछ की तो पता चला कि संजय राघव होमगार्ड है और फिलहाल टीपी नगर थाने में तैनात है।
एसपी सिटी ने बताया कि लव ठाकुर के खिलाफ हत्या, लूट व गैंगस्टर के कई मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में उन्होेंने बताया कि संजय और लव एक अन्य युवक के साथ मिलकर लूट की लगभग आधा दर्जन वारदातों को अंजाम दे चुके है। दोनों बदमाशों के पास से लूट की स्कूटी व एक सोने की एक चेन बरामद हुई है। थाना पुलिस अब इनके तीसरे साथी की तलाश में दबिशें दे रही है।

