जनवाणी संवाददाता |
बिनौली: भारतीय सेना में हवलदार के पद पर भर्ती हुए शूटर आरिफ मलिक का बीपी सिंघल इंडोर शूटिंग रेंज जौहड़ी पर स्वागत किया गया।
अमीनगर सराय निवासी शूटर आरिफ मलिक पुत्र फरहत अली ने गत वर्ष दिसम्बर माह में दिल्ली हुए नेशनल गेम में दस मीटर एयर पिस्टल आईएसएसएफ मेन स्पर्धा में 600 में 580 का स्कोर प्राप्त किया था। नेशनल गेम में बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए जनवरी माह में उसे मध्यप्रदेश की आर्मी मॉर्क्समेन शिप यूनिट मऊ बुलाया गया।
यहॉ पर सेना के अधिकारियों ने उसकी ट्रायल लेकर शारीरिक परीक्षा व मेडिकल टेस्ट किया जिसके बाद उसे सेना में हवलदार के पद पर भर्ती कर लिया।
आरिफ ने रविवार को जौहड़ी की बीपी सिंघल इंडोर शूटिंग रेंज पर पहुचकर संस्थापक डॉ. राजपाल सिंह से आशीर्वाद लिया ओर बताया इन्ही की ट्रिगर टेक्निक प्रशिक्षण की बदौलत ही वह सेना में भर्ती हुआ। संस्थापक डॉ. राजपाल सिंह, खेलों इंडिया कोच महबूब पठान ने आरिफ को मिठाई खिलाकर उसका उत्साह वर्धन किया।

