जनवाणी संवाददाता |
मेरठ (कंकरखेड़ा): सरधना रोड पर ड्रीम सिटी कॉलोनी के निकट अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दंपत्ति को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके पति का दाहिना हाथ कट गया। चीख-पुकार सुनकर राहगीरों दौड़े और ट्रक सवार व्यक्ति को दबोच लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इकड़ी गांव निवासी आदेश ने बताया कि उसकी बहन किरण गर्भवती थी। शनिवार सुबह करीब 7 बजे किरण अपने पति नितिन पुत्र दीपचंद निवासी गांव बावलो की संधावली के साथ इकड़ी गांव से मेरठ चिकित्सक के पास दवाई लेने के लिए जा रहे थे। जब वह ड्रीम सिटी के निकट पहुंचे तो पीछे से अनियंत्रित ट्रक ने दंपत्ति को कुचल डाला। इस हादसे में किरण की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और नितिन का दाहिना हाथ कट गया।
जबकि बाएं हाथ की उंगली कट गई। लोगों ने ट्रक चालक को दबोच लिया और पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल नितिन को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
मृतक किरण के भाई आदेश का कहना है कि किरण की शादी नितिन के साथ करीब 2 वर्ष पूर्व हुई थी। करीब 1 महीने पहले अपने पति के साथ यहां इकड़ी गांव में आ गई थी। किरण गर्भवती थी और वह दवाई लेने के लिए चिकित्सक एक बार जा रही थी परिजनों ने ट्रक चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी है।

