जनवाणी ब्यूरो |
नजीबाबाद: तहसील नजीबाबाद के मंडावली थाना क्षेत्र के भागूवाला से सबलगढ़ जाने वाले मार्ग पर उड़ने वाला सांप देखे जाने की खबर जंगल में आग की तरह फैलने के बाद लोगों में दहशत व्याप्त हो गयी।
मंडावली थाना क्षेत्र में एक रिक्शा चालक भागूवाला से सबलगढ़ जा रहा था। रास्ते मेंं रिक्शा चालक ने एक अजीबों गरीब सांप को देखा। उसने बताया कि सांप हरे रंग का था और हवा में उड़ रहा था। हरे रंग का काफी पतला सांप आमतौर पर क्षेत्र में देखी जाने वाली सांपो की प्रजाति से अलग नजर आ रहा था।
पतला और हरे रंग का सांप देखने की बात सुनकर लोगो में संदेह पैदा हो गया। कुछ लोग सांप की इस प्रजाति को पदम सांप होना बताने लगे। ग्रामीणों के अनुसार उक्त हरे रंग का सांप हरियाली बेलों तथा बांसों के हरे पत्ते वाली फसलों में अपना बसेरा बनाता है। इस प्रकार का सांप अक्सर उड़कर काट लेता है।
क्षेत्र में इस तरह के सांप होने की बात फैलते ही लोगों में दहशत का माहौल पैदा हो गया। लोगों ने वन विभाग को सूचना दी। इस संबंध बात करने पर वन विभाग की साहनपुर रेंज के रेंज अधिकारी गजेंद्र बहादुर यादव ने बताया कि यह सांप की एक प्रजाति है, जो बहुत जहरीला होता है।
यह दो से ढाई फीट की छलांग आसानी से लगा लेता है। यदि इस प्रकार का कोई सांप अब कहीं भी किसी को दिखाई देता है तो उससे दूर रहे और वन विभाग की टीम को सूचित करें। जिससे कि उस सांप को पकड़ा जा सके।

