जनवाणी ब्यूरो |
रुड़की: मेयर गौरव गोयल ने कहा कि नगर का विकास कार्य पूरी पारदर्शिता एवं ईमानदारी के साथ किया जाएगा। मकतूल पूरी स्थित बनने वाली सीसी रोड कार्य का शुभारंभ करते हुए मेयर गौरव गोयल ने कहा कि नगर में होने वाले निर्माण कार्य को तेजी से पूरा कराया जाए तथा उनमें पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनता से किए गए सभी वादों को पूरी ईमानदारी के साथ पूरा किया जाएगा एवं नगर में सड़क निर्माण सहित अन्य सभी कार्य नगर के विकास के लिए कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में अगर किसी तरह की लापरवाही बरती जाए तो वार्डवासी उसका स्वयं संज्ञान लें।
उन्होंने कहा कि वे खुद भी निर्माण स्थल पर जाकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। स्थानीय वार्ड पार्षद शक्ति राणा ने कहा कि वह अपने वार्ड की समस्त समस्याओं को लेकर दिन रात लोगों की सेवा में लगे रहेंगे। उन्होंने कहा कि वे अपने वार्ड में सड़क, बिजली, पानी की समस्या सहित स्वच्छता बनाए रखने के लिए कार्य करते रहेंगे।

