जनवाणी संवाददाता |
खेकड़ा: ताइक्वांडो संघ बागपत के तीन खिलाड़ियों ने ताइक्वांडो की पीएचडी ब्लैक बेल्ट में डबल ब्लैक बेल्ट पर कब्जा जमाया है। उनकी इस उपलब्धि पर ताइक्वांडो खिलाड़ियों में खुशी की लहर है। देव कृष्णा स्कूल में विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
जनपद के ताइक्वांडो खिलाड़ी निरंतर जीत हासिल कर नाम रोशन कर रहे है। हाल ही में हुई ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जनपद के चार खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीते थे। संघ सचिव सचिन शर्मा ने बताया कि मार्च माह में खेकड़ा नगर के देव कृष्णा पब्लिक स्कूल में उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो संघ, ताइक्वांडो फेडरेशन आॅफ इंडिया एवं विश्व ताइक्वांडो महासंघ के निर्देशन पर ब्लैक बेल्ट परीक्षा का आयोजन किया गया था, जिसमें जिले भर से प्रथम डैन के लिए रेड वन बेल्ट प्राप्त कर चुके एवं ब्लैक बेल्ट द्वितीय डैन के लिए विगत वर्ष ब्लैक बेल्ट हो चुके 17 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें ग्राम बसी के दो सगे भाइयों चेतन कुमार और ललित कुमार पुत्र सुभाष प्रजापति एवं ग्राम सहवान पुर निवासी मुकेश यादव के पुत्र यश यादव ने अपनी प्रतिभा के बल पर विश्व ताइक्वांडो महासंघ दक्षिण कोरिया की यह वैश्विक परीक्षा दूसरी बार पास किए हैं एवं डबल ब्लैक बेल्ट होने का कीर्तिमान स्थापित किया है।
इससे पहले यह तीनों खिलाड़ी जिला, राज्य एवं ओपन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कांस्य, रजत एवं स्वर्ण पदक प्राप्त कर चुके हैं। संघ अध्यक्ष सुभाष त्यागी एवं संघ पदाधिकारियों द्वारा उक्त खिलाड़ियों को नगर के देव कृष्णा पब्लिक स्कूल में सम्मानित किया गया। अवसर पर विद्यालय प्रबंधक सोनू यादव, धर्मेंद्र शर्मा, अक्षिता तोमर, सायमा खोखर, उज्जवल शर्मा, अभिनव धामा, सनी तोमर, विजय खोखर, मनीष खान आदि मौजूद रहे।

