जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: चकहरेटी में नगर निगम ने ब्रहस्पतिवार को पौधारोपण अभियान के तहत अांवला और आम के पौधों का रोपण करते हुए ह्यखाद्य वनह्ण विकसित करने की शुरूआत की। पौधारोपण में निगम अधिकारियों, कर्मचारियों व अनेक स्वयं सेवी संस्थाओं के वालंटियर्स भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पूरे प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य में सहयोग करते हुए नगर निगम ने ब्रहस्पतिवार को चकहरेटी में छह सौ पौधों का रोपण किया। तीन सौ पौधे आंवला और तीन सौ आम के पौधे लगाए गए। इन पौधों को लगाने का उद्देश्य उक्त क्षेत्र को ह्यखाद्य वनह्ण के रुप में विकसित करना है। अपर नगरायुक्त राजेश यादव ने बताया कि नगर निगम पौधारोपण कर मुख्यमंत्री जी के लक्ष्य में सहयोग करने के अलावा पर्यावरण संतुलन बनाते हुए लोगों को शुद्ध वायु उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भी अधिक से अधिक पौधारोपण करा रहा है। आज भी चकहरेटी के अलावा अनेक स्थानों पर पौधारोपण किया गया है। उन्होंने बताया कि निगम का ये अभियान अभी जारी रहेगा।
इसके अतिरिक्त मानकमऊ तालाब, अंबाला रोड़ स्थित तालाब तथा दिल्ली रोड तालाब के किनारे भी 500 से ज्यादा पौधों का रोपण किया गया। पौधारोपण में अपर नगरायुक्त राजेश यादव के अलावा सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम, उद्यान प्रभारी दिनेश यादव, मुख्य सफाई निरीक्षक चंद्रपाल, आईटीसी मिशन सुनहरा कल उमंग, फोर्स तथा स्पेस सोसायटी के मदन भारती सहित अनेक वालंटियर्स मौजूद रहे।

