- 19 साल बाद भारत के नीरज चोपड़ा ने अमेरिका में चल रही वर्ल्ड एथलेटिक चैंपियनशिप में जीता पदक
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: आखिर 19 सालों के बाद वर्ल्ड एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भारत के लिए पदक जीतने का सूखा समाप्त हो गया। हरियाणा पानीपत जिले के रहने वाले नीरज चोपड़ा ने अपने अंतिम प्रयास में 88.13 मीटर दूर भाला फेंककर रजत पदक अपने नाम कर लिया।
हालांकि उनके छह प्रयासों में से तीन में उन्हें फाउल करार दिया गया, लेकिन उनकी इस उपलब्धि से जहां पूरे देश में जश्न का माहौल है। वहीं, मेरठ में भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ गया है। कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रैक्टिस करने वाले खिलाड़ियों ने नीरज की इस कामयाबी पर उन्हें शुभकामनाएं दी।
सरधना के कुशावली गांव के रहने वाले 100 मीटर एथलीट कुणाल सोम का कहना है कि अमेरिका के यूजीन में चल रही चैंपियनशिप में नीरज ने 88.13 मीटर दूर भाला फेंककर रजत पदक जीता है। इससे पहले भारत में एकमात्र पदक 2003 में पैरिस में हुई प्रतियोगिता में अंजू बॉबी जार्ज ने लंबी कूद में कांस्य पदक जीता था। भारतीय खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर से यह कारनामा कर दिखाया।

नीरज चोपड़ा की इस कामयाबी पर वह बहुज खुश है और देश के खिलाड़ियों के लिए एक मिसाल कायम करने वाले नीरज को शुभकामनाएं देते हैं। भारतीय खिलाड़ियों के लिए यह एक खास पल है, इससे न केवल भारतीय खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी बल्कि उनके इस प्रदर्शन को लेकर खिलाड़ियों में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ेगा। नीरज के इस प्रदर्शन से न केवल खिलाड़ियों का हौसला बढ़ेगा बल्कि उनमें पदक पान के लिए अपने खेल में और मेहनत करने का जज्बा जागेगा।
मेरठ निवासी खिलाड़ी अक्षय कुमार जो इस समय सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहे हैं, ने कहा कि नीरज चोपड़ा ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है। वह युवाओं में एक नया जोश भरने के लिए काफी है। उनका कहना है कि अमेरिका में चल रही वर्ल्ड एथलेटिक खेल प्रतियोगिता में भाग लेकर भाला फेंक प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल प्राप्त करके एक बार फिर से देश का नाम रोशन किया है।

नीरज चोपड़ा ने खिलाड़ियों में जो प्रेरणा भरी है उसका कोई मुकाबला नहीं है। अब उनमें भी अपने देश के लिए कुछ करने का जोश भर गया है। एक बार फिर से नीरज चोपड़ा ने दिखा दिया कि हम भारतीय हैं जो कभी हार नहीं मानते। हमें हमारे नीरज चोपड़ा पर गर्व है, उन्होंने भारत के लिए जो किया वह इतिहास में याद किए जाने वाला पल है। उनके इस प्रदर्शन से खिलाड़ियों में नया जोश भर गया है।
मेरठ के ही जीतपुर गांव के निवासी राहुल राजपूत 400 मीटर एथलीट है का कहना है कि एक बार फिर से नीरज चोपड़ा ने हमारे देश का नाम रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि हमेशा के लिए इतिहास में सर्वणिम अक्षरों में दर्ज हो गई है। उनके प्रदर्शन के बारे में सुनकर हमें बहुत खुशी हो रही है। इस समय जो युवा खिलाड़ी है उन्हें नीरज से प्रेरणा लेकर खेलों की तरफ ज्यादा ध्यान देना चाहिए

जिससे कि वह भी हमारे देश का नाम रोशन कर सकें। भारतीय खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को बहुत धन्यवाद, पिछले कुछ सालों में नीरज चोपड़ा ने हमारे देश के लिए दूसरी प्रतियोगिताओं में भी पद जीते है। इससे खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और आने वाला युवा वर्ग भी इसको लेकर अपने देश के लिए खेलों में पदक लाने के लिए और कड़ी मेहनत करेगा।

