जनवाणी संवाददाता |
मुंडाली: अजराड़ा के मजरा इलाहाबाद की मढैया में बृहस्पतिवार को दिन निकलते ही बदमाशों ने अद्भुत तरीके से साथी युवक का गला रेत दिया। इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश साथी को गन्ने के खेत में तड़पता छोड़ ई-रिक्शा से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराकर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह करीब 7:30 बजे अजराड़ा के माजरा इलाहाबाद की मढैया निवासी एक महिला अपने खेतों की तरफ जा रही थी। जिसौरी संपर्क मार्ग पर उसे एक ई-रिक्शा में तीन व्यक्ति मढैया की तरफ आते दिखे। उन्होंने रिक्शा रोककर महिला से पूछा कि यहां पीर किधर है? महिला ने इशारे से पीर का रास्ता बता दिया। कुछ समय बाद एक ग्रामींण को गन्ने के खेत किसी व्यक्ति के चीखने, तड़पने की आवाज सुनाई दी।
ग्रामींण ने पास जाकर देखा तो एक अंजान व्यक्ति लहूलुहान हालत में खेत में पड़ा था। जिसका आधा गला रेता हुआ था। ग्रामींण ने तुरंत पुलिस और गांव को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामींण घायल की शिनाख्त नही कर सके। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती करा दिया है। घायल की उम्र लगभग (50) वर्ष है। पीर के बारे में पूछने से आशंका है कि बदमाश किसी तांत्रिक के जाल में फंसे हों, घायल को बहला-फुसलाकर पीर पर बलि देने के लिए लाया गया हो। बदमाशों की घायल से कोई गहरी रंजिश रही हो, बदले की भावना से मढैया में लाकर वारदात को अंजाम दिया गया हो। बदमाश ई-रिक्शा लूट के लिए भी वारदात को अंजाम दे सकते हैं।
बहरहाल, बदमाशों की मंशा तो उनके पकड़े जाने के बाद ही पता चल पाएगी। लेकिन फिलहाल सामने आया है कि बदमाश ई-रिक्शा लेकर जंगल के उसी रास्ते से फरार हुए हैं जिधर से आए थे। घायल अभी कुछ भी बताने की स्थिति में नही है। एसओ का कहना है कि पुलिस घायल की शिनाख्त और आरोपियों की तलाश में लगी है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

