- एसएसपी ने दोनों सिपाहियों को किया लाइन हाजिर
- कंकरखेड़ा प्रभारी सुबोध हटे, साइबर सेल प्रभारी बने
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कंकरखेड़ा क्षेत्र की फाजलपुर पुलिस चौकी की बैरक (सूर्य कालोनी) में दो पुलिसकर्मियों के बीच शनिवार रात किसी बात को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। पुलिस चौकी की बैरक में अफरा तफरी मच गई। इसी बैरक में तैनात अन्य सिपाहियों ने मामले को निपटाने का प्रयास किया तो वही एक सिपाही ने संघर्ष की वीडियो बनाकर वायरल कर दी। इस घटना में दोनों तरफ से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन एसएसपी ने विभागीय कार्रवाई करते हुए दोनों को लाइन हाजिर कर दिया।
सिपाही ओजस्वी मलिक और दीपक मलिक कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की फाजलपुर पुलिस चौकी पर तैनात है। शनिवार रात दोनों ड्यूटी करने के बाद पुलिस चौकी की बैरक में सोने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान दोनों में इसी बात को लेकर गाली-गलौज हो गई। जिसके बाद गिरने के कारण दीपक मलिक के सिर में चोट लग गई। इस घटना को देखते हुए अन्य सिपाहियों ने मामले का बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों के बीच काफी खींचतान हो गई।

बाद में घायल सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी घटना की बैरक में तैनात एक सिपाही ने वीडियो बना ली। इस मामले में कंकरखेड़ा इंस्पेक्टर सुबोध सक्सेना का कहना है कि उन्हें भी इसकी जानकारी रविवार दोपहर को लगी थी। पूरे प्रकरण को बारीकी से जांच पड़ताल की गई है। मारपीट की जानकारी के बाद दोनों को योगीपुरम चौकी से हटा दिया गया है।
सिपाही ओजस्वी को कस्बा चौकी और सिपाही दीपक को नंगलाताशी चौकी पर तैनात किया गया है। दोनों सिपाही अपनी-अपनी ड्यूटी कर रहे हैं। इंस्पेक्टर ने कहा कि सिपाहियों का यह कृत्य अनुशासनहीनता में आता है। जिस कारण विभागीय कार्रवाई के लिए दोनों सिपाहियों की रिपोर्ट एसएसपी को सौंप दी। इस घटना के बाद अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए दोनों पर विभागीय कार्रवाई करते हुए लाइन हाजिर कर दिया है।
अभी दोनों तरफ से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई। वहीं, दूसरी ओर दोनों में मारपीट की घटना का वीडियो और एक मैसेज वायरल हो गया है। जिसमें बताया गया है कि दीपक मलिक पर ओजस्वी मलिक ने अपने साथियों के साथ चाकू से हमला किया है।
जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन इंस्पेक्टर का कहना है कि चाकू से हमला नहीं हुआ। मारपीट में गिरने के कारण दीपक के सिर में चोट लगी है। वहीं एसपी क्राइम अनित कुमार ने बताया कि चौकी के अंदर दोनों सिपाहियों के बीच झगड़ा हुआ। जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। दोनों सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

