- विकास कार्यों में बाधा बनने का आरोप
जनवाणी संवाददाता |
बुढ़ाना: ब्लॉक प्रमुख पाल्लो देवी के पुत्र पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनोद मलिक ने मंगलवार को प्रेसवार्ता की। प्रेसवार्ता में उन्होनें आरोप लगाया कि केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान उनके ब्लॉक में विकास कार्यों में बाधा डाल रहे हैं। इस समस्या को लेकर 25 सितम्बर को गठवाला खाप की पंचायत के आयोजन की घोषणा की गई। पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने बताया कि थाना फु्गाना के सामने 25 सितम्बर रविवार को पंचायत का आयोजन किया जाएगा।
पूर्व प्रमुख विनोद मलिक कहा कि बुढ़ाना ब्लाक के सभी गांवों में विकास कार्य में बाधा डालने वाले केंद्रीय मंत्री के खिलाफ 25 सितंबर को बिगुल बजाया जायेगा। गठवाला खाप इसी दिन फुगाना थाना के सामने धरना प्रदर्शन कर विरोध प्रकट करेगी। विनोद मलिक ने बुढ़ाना ब्लाक में पत्रकारों से बातचीत कर कहा कि सवा साल से बुढ़ाना ब्लाक के सभी गांवों में विकास कार्य ठप्प हैं। ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए वर्क आर्डर का भरोसा पाकर ठेकेदारों ने गांवों में रास्ते बना दिए थे। अब उन ठेकेदारों को भुगतान नहीं किया जा रहा और न ही उनको उनका मेटीरियल उठाने दिया जा रहा। रतनपुरी पुलिस ने गांव कल्याणपुर में एक जगह काम बंद करवा दिया। ये काम किसके इशारे पर बंद हुआ ये भी जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने बुढ़ाना ब्लाक के सभी विकास कार्य ठप्प करवा दिए। गांवों में समस्याओं का अंबार है। ग्रामीण परेशान हैं। क्षेत्र का विकास हो ये भाजपाई नहीं चाहते।
इन भाजपाइयों ने ये तय कर लिया है कि विकास कार्य नहीं होने देंगे। इन्होंने इस बात को अपनी प्रतिष्ठा का प्रशन बना लिया है। वे चाहते हैं कि ब्लाक प्रमुख पाल्लो देवी के अधिकार सीज हों। इन लोगों का प्रमुख निधि का पैसा हड़पने का प्लान है। में मलिक खाप से आता हूं। मलिक खाप का विरोध भाजपाइयों द्वारा किया जा रहा है। क्या आगे भाजपा को मलिकों की वोट नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में हम फुगाना थाने के सामने 25 सितंबर को एक विशाल पंचायत कर विरोध करेंगे और कोई बड़ा ही निर्णय लेंगे। गठवाला खाप को इसमें आमंत्रित किया जायेगा। इसके लिए जनसंपर्क करेंगे। इसके बाद दूसरी जातियों की पंचायत भी की जायेगी। युवा रालोद नेता अभिषेक पंवार ने कहा कि एक पूर्व जनप्रतिनिधि ब्लाक प्रमुख पाल्लो देवी का उत्पीड़न करवा रहा है।
जिसको हम किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसके लिए 25 सितंबर को फुगाना थाने के सामने ऐतिहासिक पंचायत कर कोई बड़ा निर्णय लेंगे। रालोद नेता बालकिशोर त्यागी ने कहा कि ब्लाक प्रमुख को सवा साल हो गये शपथ लिए लेकिन विकास कार्य भाजपा के जनप्रतिनिधियों की बदौलत बंद हैं। 08 करोड़ रुपए खाते में पडे है। ये पैसा हम हड़पने नहीं देंगे।
वार्ता में बुढ़ाना ब्लाक पूर्व प्रमुख विनोद मलिक, सत्यपाल सहरावत, सुरेंद्र सहरावत, संयम पंवार, नियम पंवार, बाल किशोर त्यागी, अभिषेक पंवार व रविन्द्र राठी आदि मौजूद रहे।

