जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से समस्त मंडलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों से बैठक कर पशुधन, नमामि गंगे, जलापूर्ति, कृषि, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने नवनियुक्त मंडलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि नई जगह जाकर नये जोश तथा नई ऊर्जा के साथ कार्य करना होगा। नई चुनौतियों का डटकर सामना करना होगा। जनपद के विकास, प्रोडक्शन बढ़ाने, आम जनमानस की समस्याओं के निस्तारण के लिए निरंतर जमीनी स्तर पर काम करना होगा।
लंपी रोग पर मुख्य सचिव ने समस्त जिलाधिकारियों को लक्ष्य के अनुसार टीम गठित कर माइक्रो प्लान के अनुसार टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संक्रमित पशुओं का उपचार डेडिकेटेड आइसोलेशन सेंटर में रखकर किया जाए। इस बीमारी के बारे में किसानों को जागरूक करें और वैक्सीन लगवाने में सहयोग करें। पिछले एक हफ्ते में लगभग 13 लाख पशुओं को वैक्सीनेशन करवाया गया है, प्रतिदिन 3 लाख वैक्सीनेशन किया जाना चाहिए। इसके अलावा वेक्टर जनित बीमारियों से बचाव के लिए सघन विसंक्रमण तथा फागिंग का कार्य तेजी से कराया जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि 29 सितंबर को सभी जनपदों में कोविड टीकाकरण का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीन लगवाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में पूरे देश में नमामि गंगे तथा जल जीवन मिशन योजना चलाई जा रही है। हर घर जल योजना के तहत 17 सितंबर को एक ही दिन में पूरे देश में ढाई लाख परिवारों को कनेक्शन दिये गये, जिनमें अकेले उत्तर प्रदेश में लगभग 1 लाख 20 हजार परिवारों को कनेक्शन देकर नवीन कीर्तिमान स्थापित किया है, इसके लिए उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को बधाई दी।

