- जेल स्थानांतरण पर विधायक समर्थकों ने जताई नाराजगी
- चित्रकूट जेल को असुरक्षित बता राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: गैंगस्टर एक्ट में मुजफ्फरनगर जेल में बंद सपा विधायक चौधरी नाहिद हसन का मंगलवार की देर रात चित्रकूट जेल में स्थानांतरण कर दिया गया। वहीं सपा विधायक को चित्रकूट जेल भेजे जाने के बाद से उनके समर्थक में नाराजगी बनी हुई है। उन्होंने चित्रकूट जेल को असुरक्षित बताते हुए राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग की है।
कैराना पुलिस ने करीब डेढ़ साल पहले सपा विधायक नाहिद हसन व उनकी माता पूर्व सांसद तबस्सुम हसन सहित 40 लोगों पर गैंगस्टर एक्ट लगाई थी। गत 15 जनवरी को पुलिस ने विधायक नाहिद हसन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उनको मुजफ्फरनगर जिला कारागार भेज दिया गया था। उनकी जमानत के लिए लगातार न्यायालय में अपील की जा रह है, लेकिन 7 माह से उनके विरुद्ध चल रहे गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे पर सुनवाई तक नहीं हो सकी। विधायक ने जेल में रहते हुए ही विधानसभा 2022 के चुनाव में कैराना सीट से जीत हासिल की थी। 7 माह से अधिक समय से सपा विधायक नाहिद हसन मुजफ्फरनगर जिला कारागार में बंद थे।
लेकिन शासन के निर्देश पर मंगलवार की रात करीब 9 बजे अचानक सपा विधायक नाहिद हसन का मुजफ्फरनगर जिला कारागार से करीब 700 किलोमीटर दूर चित्रकूट जेल के लिए स्थानांतरण कर दिया गया। विधायक की छोटी बहन इकरा हसन ने बताया कि रात के समय गुपचुप तरीके से जेल प्रशासन ने कैराना विधायक भाई नाहिद हसन का चित्रकूट जेल के लिए चालान लगा दिया गया। दिन में एसएसपी और जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर के द्वारा जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया गया था और रात में चालान लगा दिया गया।
उधर, मुजफ्फरनगर जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा का कहना हैं कि विधायक नाहिद हसन को जिला मुजफ्फरनगर की जेल से चित्रकूट की जेल में शिफ्ट कर दिया गया हैं, जो कि शासन के आदेश पर किया गया है।

