जनवाणी संवाददाता |
चांदपुर: भीमकुंड गंगा घाट पर हुए नाव हादसे में डूबे अध्यापक महेश पाल का शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। महेश पाल की मौत की खबर लगते ही विभागीय कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। हस्तिनापुर निवासी महेश पाल सिंह विकासखंड जलीलपुर क्षेत्र के ग्राम हरी नगर में अध्यापक के पद पर कार्यरत थे । मंगलवार को यात्रियों से खचाखच भरी नाव जिसमें कई मोटरसाइकल भी रखी थी में सवार होकर गंगा नदी पार कर रहे थे ।नदी के तेज बहाव मे अनियंत्रित हुई नाव पुल के पिलर से टकराकर पलट गई थी ।
नाव के पलटने से उसमें सवार अध्यापक महेश पाल सिंह सहित सभी लोग पानी में डूबने लगे थे। 15 से अधिक लोगों को घटना वाले दिन ही बचा लिया गया था जबकि अध्यापक महेश पाल का कोई पता नहीं लगा था । डूबे हुए लोगों की तलाश में मंगलवार से ही पीएसी के गोताखोर व एनडीआरएफ की टीम तलाश में लगी थी। बुधवार को घटनास्थल से काफी दूरी पर गोताखोरों ने महेश पाल का शव बरामद कर लिया । अध्यापक का शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया वहीं शिक्षा विभाग कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई।

