- मच्छर पनपने से मेलेरिया, डेंगू बीमारियों का बढ़ा खतरा
जनवाणी संवाददाता |
गढ़ीपुख्ता: गांव बुंटा से जाफरपुर जाने वाले मार्ग पर पानी की निकासी न होने से गलियों में जलभराव और कीचड़ से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गंदे पानी में मच्छरोें के बढ़ने से गांव में मलेरिया, टाइफाइड व डेंगू जैसी बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।
क्षेत्र के गांव बुंटा इन दिनों अपनी बेबसी पर आंसू बहा रहा है। करीब एक साल से बुंटा गांव से जाफरपुर जाने वाले रास्ते पर पानी की निकासी न होने के कारण गांव की गलियों व मैन रास्ते पर पानी भरा रहता है। जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में स्थित प्राइमरी स्कूल के बच्चों को भी इसी पानी से होकर निकलना पड़ता है। ग्रामीणों ने इस संबंध में कई बार ग्राम प्रधान से भी गुहार लगाई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। करीब एक साल पूर्व हुए विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन रालोद प्रत्याशी व वर्तमान विधायक अशरफ अली खान ने गांव आकर ग्रामीणों को आश्वासन दिया था कि यदि वे चुनाव जीत गए तो गांव की कायापलट कर जलभराव से निजात दिलाई जाएगी।
लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण वहां मच्छरों की तादात भी बढती जा रही है। जिससे मलेरिया, टाइफाइड एवं डेंगू जैसी बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस ओर ध्यान देकर समस्या के समाधान की गुहार लगाई है।

