जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: हजरतगंज, आलमबाग, कृष्णा नगर एवं बादशाह नगर मेट्रो स्टेशन पर 11 दिवसीय दान शिविर का आयोजन
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने गैर सरकारी संस्था ‘गूंज’ के साथ मिल कर ‘20 से 30 अक्टूबर, 2022’ के बीच डोनेशन कैंप का हजरतगंज, आलमबाग, कृष्णा नगर एवं बादशाह नगर मेट्रो स्टेशन पर सफलतापूर्वक आयोजन किया। स्टेशन कंट्रोलर राजकमल ने यूपी मेट्रो के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में सभी मेट्रो स्टेशनों से एकत्रित किए गए कलेक्शन बॉक्स को गूंज के वॉलंटियर के सुपुर्द किया।
यूपीएमआरसी ने मेट्रो स्टेशनों से एकत्रित किए गए सभी सीलबंद बक्सों को ट्रांसपोर्ट करने की जिम्मेदारी भी ली है जहां से पूरा सामान वंचितों में बांट दिया जाएगा। लखनऊ वासियों ने हर साल की तरह इस वर्ष भी दान अभियान में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया और लखनऊ मेट्रो के 4 स्टेशनों पर रखे ड्रॉपबॉक्स में अपने कपड़े दान किए।
सुशील कुमार, प्रबंध निदेशक, यूपीएमआरसीएल ने इस अवसर पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मैं लखनऊ शहर के लोगों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं कि हर साल वो हमें इस अभियान में सहयोग करते हैं। हर साल की तरह इस बार भी लोगों ने उदारता दिखाते हुए खूब कपड़े अथवा किराना दान किया है। मुझे इस बात पर गर्व है कि यूपीएमआरसी ने हमेशा हर सामाजिक कर्तव्य को अत्यंत समर्पण के साथ निभाने के लिए कदम बढ़ाया है।

