- सुदेश शर्मा और यशवीर सिंह ने छोड़ी रालोद
- भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने दिलाई सदस्यता, किया स्वागत
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: भाजपा ने राष्ट्रीय लोकदल को रविवार के दिन बड़ा झटका दे दिया। रालोद और बसपा के कई बड़े नेता समेत 71 लोगों ने भाजपा में शामिल होने का ऐलान किया। खतौली उप चुनाव से ठीक पहले भाजपा ने एक रणनीति के तहत जोर का झटका रालोद को धीरे से दिया।
मोदीनगर से पूर्व विधायक एवं रालोद के वरिष्ठ नेता सुदेश शर्मा, रालोद के प्रांतीय संगठन मंत्री चौधरी यशवीर सिंह समेत 71 नेताओं ने एक साथ रालोद और बसपा को छोड़ने का ऐलान किया। इन सभी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। यह कार्यक्रम सर्किट हाउस में चला।
दरअसल, चौधरी यशवीर सिंह को जयंत चौधरी का बेहद करीबी माना जाता था, लेकिन रविवार को वह भी बगावत की राह पर दिखाई दिये। आखिर रालोद में चल क्या रहा हैं, जिसके चलते रालोद नेता जयंत चौधरी से नाखुश चल रहे है और पार्टी को अलविदा कर रहे हैं। यशवीर चौधरी दो बार सिवालखास विधानसभा से रालोद के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं, लेकिन कभी जीत नहीं पाये।

रालोद छोड़कर भाजपा का दामन थामने वालों में बड़े नाम मोदीनगर के पूर्व विधायक सुदेश शर्मा भी शामिल हैं। सुदेश शर्मा मोदीनगर से चेयरमैन का चुनाव लड़ना चाहते हैं, जिसको लेकर रालोद में खींचतान चल रही थी। अब भाजपा की नाव में सवार होकर वह चेयरमैन के चुनाव में ताल ठोंक सकते हैं।
रालोद के प्रांतीय संगठन मंत्री यशवीर सिंह उनके पुत्र संजय चौधरी, बागपत से रालोद के बेस्ट यूपी सचिव भोपाल सिंह गुर्जर, रालोद अनुसूचित मोर्चे के क्षेत्रीय अध्यक्ष संजय जाटव, नेहा सिरोही, मुकेश चरला, डा. ईश्वर चंद सागर आदि ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

