जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: बिजनेसमैन राज कुंद्रा को पॉर्नोग्राफी मामले में बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने राज को इस केस में अंतरिम बेल दे दी है। राज कुंद्रा के साथ ही एक्ट्रेस शर्लिन चोपड़ा, उमेश कामत और पूनम पांडे को भी एससी ने अंतरिम जमानत दी है। इसके साथ ही एससी ने सभी आरोपियों को जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया है। गौरतलब है कि राज कुंद्रा, पूनम पांडे, शर्लिन चोपड़ा और उमेश कामत पर अश्लील फिल्मों की शूटिंग करने और उन्हें ओटीटी प्लेटफॉर्म पर जारी करने का आरोप लगा था, जिसमें इन सभी लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी।
एएनआई ने इस बात की जानकारी एक ट्वीट के जरिए दी, जिसमें लिखा हुआ था, “सुप्रीम कोर्ट ने बिजनेसमैन और बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा, मॉडल शर्लिन चोपड़ा और पूनम पांडे और एक उमेश कामत को अश्लील सामग्री बनाने और उसे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दिखाने के मामले में अग्रिम जमानत दे दी है।”
Supreme Court grants anticipatory bail to businessman and Bollywood actor Shilpa Shetty's husband Raj Kundra, models Sherlyn Chopra and Poonam Pandey and one Umesh Kamat in a case relating to creating obscene content and showing it on OTT platforms. pic.twitter.com/1JYOlRcJ7K
— ANI (@ANI) December 13, 2022
पिछले महीने राज कुंद्रा के खिलाफ महाराष्ट्र की साइबर पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें राज कुंद्रा, पूनम पांडे और शर्लिन चोपड़ा पर फाइव स्टार होटल में अश्लील फिल्मों की शूटिंग करने की बात कही गई थी। रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि बिजनेसमैन ने ऐसे कंटेट को प्रसारित करने के लिए ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के साथ करोड़ों रुपये की डील साइन की थी।
गौरतलब है कि साल 2021 में राज कुंद्रा पर पॉर्नोग्राफी मामले में एफआईआर दर्ज हुई थी। जुलाई में बिजनेसमैन को गिरफ्तार किया गया था और उन्हें दो महीने तक जेल की हवा काटनी पड़ी थी। बाद में राज को जमानत पर रिहा कर दिया गया था। शर्लिन चोपड़ा और पूनम पांडे के अलावा कई महिलाओं ने राज कुंद्रा पर पॉर्नोग्राफी मामले में गंभीर आरोप लगाए थे, जिसको लेकर बिजनेसमैन पर आईपीसी की धारा 420, 292 और 293 के तहत केस दर्ज किया गया था।

