- गुरुद्वारा में सबद कीर्तन और अटूट लंगर का आयोजन
जनवाणी संवाददाता |
शामली: शामली शहर के प्रसिद्ध गुरुद्वारा में गुरु गोविंद सिंह का प्रकाशोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया।
गुरुवार को शामली के गुरुद्वारा में श्री गुरु सिंह सभा और गुरुद्वारा प्रबंधक की ओर से प्रकाशोत्सव मनाया गया। सुबह के समय गुरुवाणी का पाठ आयोजित किया गया। सबद- कीर्तन और सत्संग आयोजित करके गुरु गोविंद सिंह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए गुरु के त्याग बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। शहर और बाहर से आए सिख समुदाय के श्रद्धालुओं ने गुरु ग्रंथ साहिब को नमन करते हुए आशीर्वाद लिया। दोपहर के समय अटूट लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ उठाया।
सरदार राजेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि श्री गुरु गोविंद सिंह महाराज का जीवन बहुत अनुकरणीय है। 9 वर्ष की आयु में अपने पिता श्री गुरू तेग बहादुर को बलिदान देने के लिए भेजा और कहा कि आपके बलिदान से लाखों का जीवन बच सकता है। श्री गुरू गोविन्द सिंह एक महान योद्धा, एवं महान कवि थे।
इस मौके पर सरदार राजेंद्र पाल सिंह, सरदार अर्जुन सिंह, सतनाम सिंह, डा. रवि खन्ना, जगजीत सिंह, कश्मीर सिंह ढिल्लो, त्रसेम सिंह आदि मौजूद रहे।

