Friday, February 13, 2026
- Advertisement -

बलरामपुर पुलिस ने पेश किया मीडिया के सामने रिपोर्ट कार्ड वर्ष 2022

जनवाणी ब्यूरो |

बलरामपुर: पुलिस की प्राथमिकता उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप कानून व्यवस्था व अपराध नियंत्रण पर सख्ती तथा पूरे मनोयोग के साथ कड़ाई से अनुपालन करने की है। कानून का राज तथा लोक शांति स्थापित रखने के लिए बलरामपुर पुलिस टीम द्वारा सतत् प्रयास वर्ष 2022 में किये गये। वर्ष 2022 में कई चुनौतियाँ पुलिस के समक्ष आयी जिनसे पूरी टीम द्वारा एकजुट होकर सफलतापूर्वक निपटा गया तथा जनता का पुलिस पर विश्वास कायम रखा गया।

अभियोग का पंजीकरण, अनावरण तथा उनका निष्पक्ष अन्वेषण करना पुलिस का प्रमुख कार्य है। जनपद में वर्ष 2022 में कुल 3350 अभियोग पंजीकृत किये गये। विवेचना निस्तारण के क्रम में जनपद में पूर्व के 466 लम्बित अभियोगों के साथ 2022 में पंजीकृत अभियोगों में से 3339 अभियोगों का सफल निस्तारण किया गया। विभिन्न अपराधों मे संलिप्त 4401 अभियुक्तों के विरूद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही की गयी। विभिन्न गंभीर/संगीन अपराधों में फरार चल रहे 16 पुरस्कार घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। विभिन्न न्यायालयों मे चल रहे वादों में मा0न्यायालय में उपस्थित न होने के संबंध मे जारी गिरफ्तारी वारण्ट मे कुल 462 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर मा0न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

बलरामपुर पुलिस द्वारा वर्ष 2022 में हत्या के 11 अभियोंगो का सफलतापूर्वक अनावरण करते हुए कुल 24 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया गया। जिसमे मुख्य रूप से थाना तुलसीपुर क्षेत्र में घटित सनसनीखेज घटना-श्री फिरोज उर्फ पप्पू की हत्या का सफल अनावरण कर प्रकाश में आये 06 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरूद्ध नियमानुसार गैंगेस्टर, एन0एस0ए0 व गैंगेस्टर एक्ट की धारा 14(1) की कार्यवाही करते हुए घटना में संलिप्त अभियुक्त रिजवान जहीर की अपराध से अर्जित 25 करोड़ 14 लाख रूपये की अवैध सम्पत्ति जब्त तथा 8 करोड़ 86 लाख रूपये के अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया ।

72 6

वर्ष 2022 में लूट के 07 अभियोगों में 354200 रूपये की सम्पत्ति की लूट हुई थी जिसमें सभी सातों घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए 24 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गयी सम्पत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी करते हुए सभी अभियुक्तों को जेल भेजा गया तथा गैंगस्टर की कार्यवाही की गयी।

चोरी की घटनाओं का अनावरण करना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण रहता है वर्ष 2022 में प्रभावी कार्यवाही करते हुए 106 चोर/नकबजन तथा 31 वाहन चोरों की गिरफ्तारी की गयी। चोरी की घटना में अभियुक्तगण के कब्जे से 17 लाख 38 हजार 350 रूपये की सम्पत्ति तथा 21 वाहनों की बरामदगी की गयी।

महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन हेतु मा0मुख्यमंत्री महोदय के निर्देशन में चलाये जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अन्तर्गत वर्ष 2022 में महिलाओं के विरूद्ध घटित अपराधों में जनपद पुलिस द्वारा दोषी व्यक्तियों के विरूद्ध त्वरित तथा प्रभावी कार्यवाही की गयी। महिलाओं के विरूद्ध अपराध में संलिप्त 224 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इसी क्रम में कुल 117 अपहृत/गुमशुदा महिलाओं एवं बच्चियों की सकुशल बरामदगी की गयी। इसी प्रकार से बच्चों के विरूद्ध घटित अपराधों में पोक्सो एक्ट के अन्तर्गत 74 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया तथा 25 गुमशुदा बच्चों की बरामदगी की गयी। जघन्य अपराध से पीड़ित महिलाओं एवं बच्चियों को उ0प्र0 रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना के अन्तर्गत 16 प्रकरणों में 16 पीड़िताओं को आर्थिक सहायता प्रस्ताव धनराशि 60 लाख रूपये स्वीकृत करायी गयी ।

इसी प्रकार जनपद मुख्यालय के महिला थाना पर संचालित परिवार परामर्श केन्द्र द्वारा कुल 261 पारिवारिक मामलों को सुलह समझौते के माध्यम से निपटाया गया। जनपद के प्रत्येक थाने पर गठित एंटी रोमियों स्कवाड द्वारा 1412 मनचले/शोहदों को उनके अभिभावकों को बुलाकर चेतावनी दी गयी।

जनपदीय एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट द्वारा महिलाओं एवं बच्चों की तस्करी रोकने हेतु नेपाल बार्डर से सटे 36 गॉवों में जन जागरूकता अभियान के अन्तर्गत 1403 चौपाल लगाकर लोगों को जागरूक किया गया। बाल विवाह, बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति एवं लावारिस घूमते पाये गये कुल 70 बच्चों को भी रेस्क्यू कर पुर्नस्थापित किया गया।

अनुसूचित जाति/जनजाति उत्पीड़न के मामले में 135 अभियोग पंजीकृत करते हुए 141 अभियुक्तों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया तथा 119 आर्थिक सहायता प्रस्ताव जिला समाज कल्याण को भेजा गया, जिनमें से 57 प्रकरणों मे 73 पीडितो/लाभार्थियों को आर्थिक सहायता 35 लाख 87 हजार 500 रूपये प्रदान कराया गया।

जनपद बलरामपुर में अवैध शराब, मादक पदार्थ व अवैध असलहों की तस्करी, अवैध वनों के कटान, अवैध खनन तथा गौकशी पर रोकथाम हेतु वर्ष 2022 में प्रभावी कार्यवाही की गयी। जिसके अन्तर्गत अवैध शराब की रोकथाम हेतु कुल 471 अभियोग पंजीकृत करते हुए 477 अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 7 हजार 265 लीटर कच्ची शराब, 80 लीटर अंग्रेजी शराब तथा 02 शराब भठ्ठी के साथ 3 हजार लीटर लहन व 370 लीटर स्प्रिट की बरामदगी की गयी। जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 17 लाख रूपये है।

मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम हेतु कुल 87 अभियोग पंजीकृत करते हुए 87 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 31 किलो 436 ग्राम चरस, 34 किलो 146 ग्राम गॉजा, 40 किलो 355 ग्राम भांग, 690 ग्राम कोकीन व 46 ग्राम ब्राउन सुगर कुल अनुमानित कीमत 10 करोड़ 86 लाख 52 हजार 668 रूपये बरामद किया गया। जिसमें प्रमुख रूप से थाना कोत0जरवा पुलिस द्वारा क्रमशः दिनांक 26.08.2022 को अभियुक्त राज विश्वकर्मा पुत्र दयामन विश्वकर्मा नि0-ककरहवा ग्राम पालिका राजपुर थाना सिरिया जिला दांग राष्ट्र नेपाल के कब्जे से 07 किग्रा 967 ग्राम अवैध चरस अनुमानित कीमत 95 लाख 60 हजार चार सौ रूपये एवं दिनांक 30.10.2022 को अभियुक्ता दिलकुमारी विश्वकर्मा उर्फ विमला पत्नी स्व0 करमदन उर्फ राजेश बहादुर नि0-सुरंग नाका पालिका बेला थाना गड़वा जिला दांग राष्ट्र नेपाल के कब्जे से 690 ग्राम कोकीन अनुमानित कीमत लगभग 6 करोड़ 90 लाख रूपये है।

अवैध शस्त्रों के निर्माण व अवैध शस्त्र रखने के अपराध में 172 अभियोग पंजीकृत किया गया, जिसमें 175 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 130 अदद देशी पिस्टल/तमंचा, 01 अदद फैक्ट्री मेड पिस्टल, 142 अदद कारतूस, 55 अदद धारदार हथियार तथा 02 अदद देशी पिस्टल बनाने की फैक्ट्री बरामद किया गया।

अवैध लकड़ी कटान को रोकने हेतु कुल 44 अभियोग पंजीकृत कर उसमे संलिप्त 132 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1303 बोटा सागौन, 62 बोटा शीशम व 35 बोटा अन्य प्रकार के प्रकाष्ठ सहित 12 वाहन बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 36 लाख 33 हजार 400 रूपये है।

अवैध खनन पर अंकुश लगाये जाने हेतु कुल 25 अभियोग पंजीकृत कर खनन मे लिप्त 43 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 32 अदद ट्रैक्टर-ट्राली एवं 01 लोडर सीज किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 90 लाख 06 हजार रूपये है।

गोकशों के विरूद्ध पूर्व में की गयी प्रभावी कार्यवाही के फलस्वरूप वर्ष 2022 में गोवध/गोकशी के अपराधों में कमी आयी। कुल 06 अभियोग पंजीकृत किया गया, उक्त अभियोगों में नामजद/प्रकाश में आये 24 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया तथा 12 अभियुक्तों के विरूद्ध गैंगेस्टर एक्ट की कार्यवाही किया गया।

अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा अपराधों की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से वर्ष 2022 में प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही की गयी।

विभिन्न अपराधों में गैंग बनाकर अपराध कारित करने वाले 46 अभियुक्तों के विरूद्ध गैंगस्टर अधिनियम के अन्तर्गत 11 अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की गयी। अपराधियों द्वारा अपराध से अर्जित सम्पत्ति के 07 प्रकरणों में गैंगेस्टर एक्ट की धारा 14(1) की कार्यवाही करते हुए अवैध सम्पत्ति कीमत 50 करोड़ 50 लाख रूपये जब्त व अवैध निर्माण किमत 13 करोड़ 86 लाख रूपये को ध्वस्त किया गया।

गुण्डा अधिनियम के अन्तर्गत कुल 214 व्यक्तियों के विरूद्ध गुण्डा अधिनियम के अन्तर्गत निरोधात्मक कार्यवाही करते 16 व्यक्तियों को जिलाबदर किया गया। इसके अतिरिक्त 05 अभियुक्तों के विरूद्ध एन0एस0ए0 (रासुका) के अन्तर्गत कार्यवाही की गयी।

अपराधियों की गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने हेतु गोवध/लूट/चोरी आदि अपराधों मे संलिप्त अपराधियों के निगरानी हेतु कुल 69 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गयी।

जनपद बलरामपुर में अपराधियों को सजा दिलाये जाने हेतु जनपद स्तर पर गठित मॉनिटरिंग सेल द्वारा वर्ष 2022 में प्रभावी करते हुए पोक्सो एक्ट के 19 प्रकरणों में, महिला अपराध के 35 प्रकरणों मे एवं अन्य अभियोगों के 205 प्रकरणों मे (कुल 259 प्रकरण) 494 अभियुक्तों को सजा दिलाई गयी। इनमे से 19 अभियोगों मे 35 अभियुक्तों को आजीवन कारावास, 24 अभियोगों मे 39 अभियुक्तों को 10 वर्ष/10 वर्ष से ऊपर की सजा, 18 अभियोगों मे 28 अभियुक्तों को 07 वर्ष/07 वर्ष से ऊपर की सजा तथा 198 अभियोगों मे 392 अभियुक्तों को 07 वर्ष से कम की सजा प्रमुख रूप से दिलाई गयी। जिसमें प्रमुख रूप से वर्ष 2005 में होली त्यौहार के अवसर पर साम्प्रदायिक दंगे में संलिप्त 41 अभियुक्तों को 05-05 वर्ष की सजा व 15-15 हजार रूपये अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।

जनपद बलरामपुर में नागरिकों को सुगम व सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराने का सफल प्रयास किया गया। यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता के क्रम में 36 हजार 443 हैण्डबिल का वितरण एवं पीए0सिस्टम तथा अन्य माध्यम से वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करना/शराब पीकर वाहन न चलाने हेतु कुल 24 हजार 889 व्यक्तियों को तथा स्कूली बच्चों को भी जागरूक किया गया।

शीतलहर के दृष्टिगत दुर्घटना के रोकथाम हेतु 500 से अधिक वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाया गया। वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाये जाने की कार्यवाही अभी भी प्रचलित है। यातायात के नियमों का पालन न करने पर वर्ष 2022 में कुल 26 हजार 842 वाहनों का चालान करते हुए शमन शुल्क लगभग 3 करोड़ 3 लाख 68 हजार 300 रूपये वसूल किया गया साथ ही 96 वाहनों को सीज किया गया। इस वर्ष नवीन प्रयोग के अन्तर्गत जनता की सुरक्षा के दृष्टिगत आपरेशन “त्रिनेत्र” के अन्तर्गत 196 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये। भारत नेपाल सीमा सुरक्षा हेतु “आपरेशन कवच” के अन्तर्गत 57 ग्राम सुरक्षा समितियों के गठन के साथ-साथ एसएसबी एवं सिविल पुलिस द्वारा बार्डर पर निरंतर सतर्क दृष्टि रखी जा
रही है।

जनपद बलरामपुर पुलिस यू0पी0 112 के द्वारा वर्ष 2022 में कुल 13 सराहनीय कार्य किये गये जिसकी सराहना उच्चाधिकारीगण द्वारा करते हुए पीआरवी कर्मियों को पारितोषिक एवं प्रशस्ति पत्र दिया गया। जिनमें प्रमुख रूप से पीआरवी 2487 थाना हरैया द्वारा देवीपाटन मंदिर तुलसीपुर से दर्शन कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा वाहन अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराकर पलट गया, जिसमें घायल 22 श्रद्धालुओं को स्थानीय जनता के सहयोग से उपचार हेतु अस्ताल भेजवाया गया।

वर्ष 2022 में जनपद में षष्ठम् चरण में विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 का चुनाव था जिसे जनपद एवं अन्य जनपदों से प्राप्त पुलिस बल का समुचित व्यवस्थापन करते हुए सकुशल एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया गया। इसके अतिरिक्त चैत्र रामनवमी एवं शारदीय नवरात्र के अवसर पर जनपद के तुलसीपुर में स्थित आदिशक्ति माँ पाटेश्वरी (देवीपाटन) पर वृहद मेले का आयोजन होता है, जिसमें देश-विदेश के लाखों श्रद्धालु दर्शानार्थ आते है। प्रमुख रूप से जनपद मे लगने वाले उक्त दोनो मेलों को समुचित पुलिस प्रबन्ध करते हुए हर्षोल्लास के साथ सकुशल एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया गया साथ ही वर्ष 2022 मे पड़ने वाले समस्त त्योहारों/मेलों/उत्सवों को भी सकुशल सम्पन्न कराया गया।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

Air India: एअर इंडिया हादसा, इटली मीडिया ने पायलट पर लगाया गंभीर आरोप

जनवाणी ब्यूरो | नई दिल्ली: एअर इंडिया के विमान हादसे...

World News: व्हाट्सएप-यूट्यूब पर रूस की बड़ी कार्रवाई, यूजर्स को लगा झटका

जनवाणी ब्यूरो | नई दिल्ली: रूस में कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय...
spot_imgspot_img