- गंगानगर में किया गया पार्क फाइनल
- प्रॉजेक्ट के लिए उज्जैन विकास प्राधिकरण के साथ किया गया टाइअप
- 1.5 करोड़ में ही तैयार हो जाएगा पार्क
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: लर्निंग ऐक्टिविटी कराने और खेलकूद के लिए शहर में दिव्यांग पार्क बनाने पर मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) दो करोड़ रुपये खर्च करेगा। इसके लिए टेंडर लगा दिया है। गंगानगर में पार्क फाइनल कर दिया गया है।
इस प्रॉजेक्ट के लिए उज्जैन विकास प्राधिकरण के साथ टाईअप किया गया था। एमडीए अफसरों की टीम वहां से दौरा कर लौट आई है और टीम तभी से एस्टीमेट पर काम कर रही थी।
पार्क में सबकुछ खास होगा। अफसरों के मुताबिक दो करोड़ रुपये से पार्क बनेगा,लेकिन टेंडर लो चला गया है,जिसके चलते 1.5 करोड़ में ही पार्क तैयार हो जाएगा। इसके लिए कमिश्नरी अनीता सी मेश्राम पहले ही हरी झंडी दे चुकी हैं।
उज्जैन की तर्ज पर बनेगा पार्क
चीफ इंजीनियर दुर्गेश श्रीवास्तव के अनुसार उज्जैन का दिव्यांग अनुभूति पार्क ढाई हेक्टेयर जमीन पर बना है। इसमें टेक्सटाइल टाइल्स का इस्तेमाल किया गया है।
ऐसी टाइल्स दिव्यांगों के चलने के लिए सही होती हैं। सीधे चलने, रास्ता बदलने और रास्ता बंद होने की जानकारी दिव्यांगों को इस टाइल्स से मिल जाती है।
इसी तर्ज पर गंगानगर में भी दिव्यांग पार्क तैयार किया जाएगा। चीफ इंजीनियर का कहना है कि पहले दो करोड़ का इस्टीमेंट तैयार किया गया था, लेकिन टेंडर बहुत लो चला गया है। टेंडर अब 1.5 करोड़ पर पहुंच गया है। यह फाइनल कर दिया गया है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिव्यांग पार्क पर काम चालू कर दिया जाएगा।
मेडिटेशन सेंटर और ओपन जिम
इस पार्क में मेडिटेशन सेंटर के साथ ओपन जिम भी बनाया जाएगा, जिसे दिव्यांगों की जरूरतों के हिसाब से एडजस्ट किया जाएगा । बच्चों के झूले और स्लाइडर तक लगाए जाएंगे, ताकि वह उसका पूरा आनंद ले सकेंगे।