- कैराना के गांव मंडावर के ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट में किया प्रदर्शन
- ठेका भूमि से अधिक बड़ी मशीनों से अवैध खनन का आरोप
जनवाणी संवाददाता |
शामली: गांव मंडावर में यमुना नदी से मानक के विरुद्ध भारी भरकम मशीनों से खनन करने और यमुना की जलधारा मोड़ने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने ठेकेदार पर अवैध खनन किए जाने के चलते बंधे टूटने और फसल बर्बाद होने का भी खतरा बताया है।
सोमवार को कैराना तहसील के गांव मंडावर के ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए खनन ठेकेदार पर भारी भरकम मशीनों से अपने क्षेत्र से बाहर रेत उठाने के आरोप लगाए। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार को जितनी भूमि का ठेका छोड़ा गया वह मानक के विरुद्ध उससे बाहर भारी मशीनों से खनन कर रहा है। मशीनों द्वारा यमुना की जलधराओं को मोड़ा जा रहा है। जिससे बरसात के समय ग्राम में बाढ़ आने की संभावना बनी हुई। इतना ही नहीं किसानों ने अपने खेतों में गेहूं की फसल बोई हुई है उनमें जल कटान के कारण खेतों में पानी भर रहा है। जिससे किसानों की फसल बर्बाद हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यमुना नदी गांव मंडावर से लगकर बह रही है।
चार साल पहले भी बांध कटने के कारण गांव में पानी भर गया था और खेतों में फसलों को भी भारी नुकसान हुआ था। खनन ठेकेदार द्वारा अपने क्षेत्र से अधिक खनन किए जाने की शिकायत एसडीएम कैराना से भी की जा चुकी है लेकिन आज तक संबंधित अधिकारी ने स्थलीय निरीक्षण नहीं किया किया जिससे ठेकेदारों के हौंसलें बुलंद है। ठेकेदार बिना प्रशासन के डर से मन मर्जी से अवैध रेत खनन कार्य कर रहा है। ग्रामीणों ने अवैध रेत खनन रोकने और ग्रामीणों को समस्या से बचाने की गुहार लगाई है।
ग्रामीणों में सूफियान, शहजाद, सालिम, नदीम, कौसर, इंतजार, तालिम, नाजिम, उमरदीन, उस्मान, इसरार, सारिब आदि मौजूद रहे।

