- धरने पर पहुंचे मिल के जीएम केन व गन्ना पर्यवेक्षक के समक्ष की नारेबाजी
- गन्ना महाप्रबंधक के समस्या समाधान के आश्वासन के बाद शांत हुए किसान
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले आक्रोशित किसानों ने गन्ना क्रय केंद्र खाईखेड़ी कमालपुर पर एकत्रित होकर चीनी मिलों द्वारा अभी तक पिछले साल का बकाया गन्ना भुगतान नहीं करने और द्वारिकेश शुगर फैक्ट्री बुंदकी द्वारा कई गन्ना क्रय केंद्र के प्लाट के गहरे गहरे गड्ढों में मिट्टी बिना डलवाए ही तौल शुरू करने के विरोध में किसानों ने खाईखेड़ी गन्ना क्रय केंद्र पर दूसरे दिन भी धरना प्रदर्शन किया और धरने पर आए द्वारिकेश शुगर फैक्ट्री के जीएम केन सुनील चौहान एवं गन्ना पर्यवेक्षक नरेंद्र सिंह के समक्ष जम कर नारेबाजी की।
गुरुवार को भाकियू के प्रांतीय नेता बाबूराम तोमर, बलराम सिंह, विजयपाल राठी, बृजपाल सिंह, बाबूराम तालान, राजवीर सिंह आदि के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने खाईखेड़ी गन्ना क्रय केंद्र के तौल कांटे पर एकत्रित होकर दूसरे दिन भी बकाया गन्ना भुगतान कराने और खाईखेड़ी, हमीदपुर माखन, विर्दो नंगली आदि सभी गन्ना क्रय केंद्रों के प्लाट को गड्ढा मुक्त कराकर ही गन्ना तौल शुरू कराने के लिए जोरदार नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू किया।
धरना प्रदर्शन स्थल पर आए केन जीएम सुनील चौहान को किसानों ने गन्ना क्रय केंद्र के गहरे गड्ढों में तब्दील प्लाट दिखाते हुए उनके सामने ही तौल शुरू कराने का विरोध किया तथा प्लाट समतल हुए बिना गन्ना तौल शुरू कराने से इंकार कर दिया। भाकियू नेता बाबूराम तोमर ने कहा कि अगर चीनी मिल ने मिटटी डलवा कर किसान का खेत समतल ना कराया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

किसानों के बीच धरने पर आए केन मैनेजर सुनील चौहान ने बाबूराम तोमर से गन्ना महाप्रबंधक रमेश परशुरामपुरिया की मोबाईल से बात कराई जिस पर रमेश परशुरामपुरिया ने किसानों को प्लाट में मिट्टी डलवा कर साफ सफाई कराने और अगले 2 दिन में गन्ना क्रय केंद्रों का बकाया गन्ना भुगतान मिल से जारी कराने की बात कही। इसके बाद बाबूराम तोमर ने धरना प्रदर्शन समाप्त करने की घोषणा की।
धरने की अध्यक्षता चौधरी राम सिंह ने एवं संचालन बाबूराम तोमर किया। इस दौरान भाकियू नेता जयपाल सिंह, ओमवीर सिंह, गोपी सिंह, इकरार अहमद, राजवीर सिंह, इरशाद अहमद, मीनू शेख, सुभाष कुमार, मोहित कुमार, नथे सिंह, सूरज सिंह, नीरज कुमार, मोहित कुमार, कामेंद्र सिंह, सत्यपाल सिंह, अंकित कुमार, आदि सैकड़ों किसान उपस्थित थे। वहीं इस संबंध में गन्ना महाप्रबंधक रमेश परशुरामपुरिया ने कहा कि किसानों की समस्या के समाधान के लिए मिल सदैव तत्पर है। किसानों से वार्ता कर उन्हें संतुष्ट कर दिया गया है।

