जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: हज पर जाने वाले यात्रियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। हज करने के लिए जाने वाले लोगों से ऑनलाइन आवेदन जमा करने के लिए अल्पसंख्यक मंत्रालय ने सूचना जारी की है। बताया जा रहा है कि आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 10 मार्च है।
बता दें कि केंद्र सरकार के अल्पसंख्यक मंत्रालय ने जारी एक आदेश में बताया है कि लोग हज समिति की वेबसाइट hajcommittee.gov.in/haf23 पर आवेदन कर सकते हैं। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय ने छह फरवरी को नई हज नीति की घोषणा की थी, जिसके तहत हज यात्रा के लिए आवेदन पत्र मुफ्त में उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही हज यात्रा के लिए पैकेज की राशि 50,000 रुपये कम की गई है।
नई हज नीति को साझा करते हुए मंत्रालय ने कहा कि महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगजन और बुजुर्गों के लिए यात्रा के दौरान विशेष व्यवस्था की गई है। सऊदी अरब ने जनवरी में घोषणा की थी कि इस साल हज के लिए तीर्थयात्रियों की संख्या की कोई सीमा नहीं होगी।

