- कार सवारों के परिजनों का गांव पुट्ठी इब्राहिमपुर में हंगामा, कई राहगीरों के साथ की मारपीट
जनवाणी संवाददाता |
रामराज: थाना क्षेत्र के जैन क्रेशर के समीप सोमवार की देर रात को कार तथा ट्रैक्टर ट्रॉली की भिड़ंत हो गई जिसमें कार सवार सभी आठ लोग घायल हो गए, जिसमें अस्पताल पहुंचने पर कार चालक ने दम तोड़ दिया तथा सात अन्य घायल लोगों का उपचार किया जा रहा है। दुर्घटना के बाद कार सवारों के परिजनों ने गांव पुट्टी इब्राहिमपुर में जमकर हंगामा किया तथा कई राहगीरों के साथ मारपीट भी की।
मृतक के परिजनों के अनुसार मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव दयमपुरा निवासी सुंदर उम्र करीब 45 वर्ष सोमवार की देर रात को अपनी ईको कार में अपने भतीजे रवि को लेकर रामराज के एक चिकित्सक के यहां पर दवाई दिलाने के लिए लेकर जा रहा था। कार में कुल 8 लोग सवार थे। जैसे ही कार रामराज थाना क्षेत्र के जैन क्रेशर के समीप पहुंची तो उसी समय रामराज की ओर से आए धान से भरे एक ट्रैक्टर ट्रॉली से कार की भिड़ंत हो गई जिसमें सभी आठ लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार के परखच्चे उड़ गए तथा मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पाकर रामराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को एंबुलेंस तथा पीआरवी की गाड़ी से जानसठ अस्पताल पहुंचाया। जिस पर कार चालक सुंदर को अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। टक्कर लगने के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली चालक अपने ट्रैक्टर ट्रॉली को लेकर मौके से भागने लगा जिसका रामराज थाना पुलिस ने पीछा किया तो ट्रेक्टर चालक ट्रेक्टर को सड़क पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सुंदर की मौत की खबर सुनकर उसके परिजन आग बबूला हो गए तथा ट्रैक्टर चालक की तलाश में अन्य ट्रैक्टर चालकों के साथ हाथापाई करनी शुरू कर दी तथा हाईवे को जाम करने का प्रयास किया जिस पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया तथा सुंदर के परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया। सड़क पर हंगामा होने की सूचना मिलते ही सीओ जानसठ शकील अहमद भी रामराज थाने पर जा पहुंचे। जिस पर सुंदर के परिजन भी रामराज थाने पर जा पहुंचे। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर थाने पर खड़ा कर लिया है परंतु ट्रैक्टर का चालक मौके से फरार हो गया। थाने में तहरीर देने के लिए सुंदर के परिजन देर रात तक थाने पर ही जमे रहे।
कई बार परिजनों द्वारा तहरीर बदली गयी परंतु परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई तथा सुबह तहरीर देने की बात कहकर देर रात को थाने से चले गए। सुंदर की मौत होने के बाद रामराज थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। घायलों में शीशपाल पुत्र सुमेर, श्रीचंद, रवि, ज्योति, मनकोरी मंजू तथा विकास शामिल है। खबर लिखे जाने मामले की कोई तहरीर नही आई थी।

