- श्रद्धालुओं ने शांति एवं खुशहाली को हवन यज्ञ में डाली आहुतियां
जनवाणी संवाददाता |
धामपुर: शक्ति नगर में आयोजित सामूहिक हवन यज्ञ कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने हवन कुंड में आहुतियां देकर शांति, समृद्धि व खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं ने परम पिता परमेश्वर से कोरोना जैसी महामारी से भी मुक्ति दिलाने की प्रार्थना की। इस दौरान कार्यक्रम स्थल मंत्र उच्चारण से भक्ति में बना रहा।
शक्तिनगर में समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के बरेली एवं मुरादाबाद मंडल के सह प्रभारी कृपाल सिंह सैनी के आवास पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत नूरपुर से पधारे पंडित जगदीश प्रसाद शर्मा ने सत्यनारायण भगवान की कथा से की।
उन्होंने श्रद्धालुओं को विभिन्न उदाहरणों सहित अपने प्रवचनों से लाभान्वित कराते हुए बताया कहा कि जो भी सांसारिक प्राणी आस्था, श्रद्धा और विश्वास के साथ प्रभु की पूजा अर्चना, आराधना, उपासना करता हैं, उन पर भगवान की अपार कृपा व अनुकंपा सदैव बनी रहती है।

इतना ही नहीं संबंधित परिवार खुशहाली का वातावरण भी अनुभव करने लगता है। उन्होंने कृपाल सिंह सैनी द्वारा विभिन्न सामाजिक कार्यों में योगदान दिए जाने के साथ ही परमपिता परमेश्वर एवं जगत जननी मातेश्वरी जगदंबिका के प्रति रखने वाली श्रद्धा भावना की भी सराहना करते हुए संबंधित परिवारीजनों को नियमित पूजा अर्चना से जुड़े रहने का आशीर्वाद भी दिया।
कार्यक्रम में कृपाल सिंह सैनी व उनकी धर्मपत्नी लीला देवी सैनी, संगीता रानी, मोहन सैनी, अरुण सैनी, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की धर्म जागरण समिति के नगर संयोजक अखिलेश चौहान, ममता रानी, मुकुल चौहान, विपुल चौहान, विपुल चौहान, मुन्नू, आरती रानी, महेंद्र सिंह कारीगर, महेंद्र सैनी, सरदार महेंद्र सिंह सलूजा आराधक आदि मौजूद रहे। जिन्होंने पूर्ण भक्ति भाव के साथ श्रद्धा भावना प्रदर्शित की। कार्यक्रम का समापन सामूहिक आरती एवं प्रसाद वितरण से किया गया।

