- पुलिस कर रही है तमाम लोगों से पूछताछ
- कोचिंग सेंटर संचालक की हत्या का मामला
जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: थाना क्षेत्र के तहत मवाना-फलावदा मार्ग पर बहजादका के पास दिनदहाड़े हुई कोचिंग सेंटर संचालक सोनू की हत्या अनसुलझी पहेली बनी हुई है। मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने के लिए पुलिस कई बिंदुओं पर काम कर रही है।
थाना क्षेत्र में मवाना मार्ग पर दिनदहाड़े गोली मारकर अंजाम दिए गए कोचिंग सेंटर संचालक के ब्लाइंड मर्डर ने पुलिस को उलझा कर रख दिया है। हत्यारे वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गये। परिजनों की मानें तो पुलिस घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची थी।
बहरहाल, हत्यारों ने सोनू का मर्डर करके पुलिस को बड़ी चुनौती दी है।कप्तान के निर्देश पर इस मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने के लिए क्राइम ब्रांच, सर्विलांस टीम तथा स्थानीय पुलिस काम कर रही है। हत्यारों का पता लगाने के लिए सर्विलांस का भी सहारा लिया जा रहा है। हत्या के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है।
बताया गया है कि मृतक सरल स्वभाव का युवक था। कोचिंग सेंटर पर उसका किसी से विवाद नहीं था। हालांकि गत दिवस सेंटर के बाहर खड़े कुछ मनचलों से उसकी कहासुनी होने की चर्चा ज़रूर हो रही है। इस कहासुनी को लेकर किसी साइको द्वारा इस घटना को अंजाम दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस ने अन्य कई बिंदुओं को भी जांच का विषय बनाया है। सीओ उदय प्रताप सिंह का कहना है कि कि पुलिस घटना को वर्कआउट करने के लिए कोचिंग सेंटर की प्रतिस्पर्धा तथा रंजिश पर जानकारी जुटा रही है।
सीओ ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में प्रयुक्त वाहन का पता लगाया जा रहा है। वारदात के बाद बदहवास हुए घटना के चश्मदीद से ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
पीड़ित परिवार को सांत्वना देने वालों का लगा तांता
अज्ञात बदमाशों द्वारा कोचिंग सेंटर संचालक सोनू की हत्या किए जाने के बाद पीड़ित परिवार को सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है। मंगलवार की रात को मृतक के दाह संस्कार के समय सपा नेता अतुल प्रधान ने गांव सकोती पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।उन्होंने कहा किसी को राजनीतिक रोटियां नहीं सेकने दी जाएगी। बुधवार को सपा नेता सैयद रिहान, राजपाल सिंह कई संभ्रांत लोगों के साथ पीड़ित परिवार के बीच पहुंचे। उन्होंने घटना के प्रति दुख व्यक्त करते हुए पूरे परिवार को सांत्वना दी।

