सरसावा में वायु सेना स्टेशन के आॅफिसर एंक्लेव में मृत मिलीं संजीवनी शर्मा
मौके से दवाएं भी मिलीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
वरिष्ठ संवाददाता |
सहारनपुर: एक सनसनीखेज घटना, गवाह है सरसावा स्थित वायु सेना स्टेशन के आॅफिसर एंक्लेव। मंगलवार को यहां महिला अधिकारी (फ्लाइट लेफ्टीनेंट) का शव कमरे में मिला। पता चलते ही पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। बताया गया कि महिला फ्लाइट लेफ्टिनेंट ट्रेनिंग के लिए यहां आई हुई थीं। फिलहाल अधिकारी जांच में जुटे हैं।
बता दें कि अंबाला रोड स्थित सरसावा में वायु सेना स्टेशन है। यहां सेना के वायुयान और हेलीकाप्टर उड़ाने की ट्रेनिंग दी जाती है। बताया गया है कि फ्लाइट लेफ्टिनेंट संजीवनी शर्मा राजस्थान में वायुसेना एयरबेस पर तैनात थीं और ट्रेनिंग के लिए वायु सेना स्टेशन सरसावा में आई हुई थीं।
मंगलवार को सुबह जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं आईं तो वायुसेना स्टेशन के अधिकारियों ने जाकर देखा। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। अधिकारियों ने किसी तरह दरवाजा तुड़वाया। कमरे के भीतर प्रवेश किया तो देखा संजीवनी शर्मा का शव विस्तर पर पड़ा है। मौके पर कुछ दवाइयां भी मिली हैं। माना जा रहा है कि महिला अफसर किसी बीमारी से ग्रस्त थीं जिसकी वह दवाइयां ले रही थीं।
सरसावा थाने के प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह ने बताया कि वायु सेना स्टेशन अधिकारियों द्वारा सूचना दी गई थी कि महिला अधिकारी अपने कमरे में बिस्तर पर मृत अवस्था में पाई गई हैं। शव के पास ही कुछ दवाइयां भी मिली हैं। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतक महिला फ्लाइट लेफ्टिनेंट के पति भी वायुसेना में स्क्वाड्रन लीडर के रूप में तैनात हैं। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।