जनवाणी संवाददाता |
देवबंद: श्री रामनवमी उत्सव पर नगर पालिका के तत्वावधान में श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मेला ग्राउंड में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। उधर, श्री रामनवमी शोभायात्रा आयोजन समिति द्वारा नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल सुंदर झांकियां आकर्षण का केंद्र रही।
गुरुवार को मेला परिसर में आयोजित हुए कार्यक्रम में समाजसेवी डा. धीर सिंह ने कहा कि भगवान राम ने अपने जीवन में सत्य का मार्ग अपनाया। इसी लिए वह मर्यादा पुरूषोत्तम कहलाए। उन्होंने रामनवमी पर सभी लोगों से राम के आदर्श अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया। इससे पूर्व आर्य समाज पद्धति से हवन यज्ञ किया गया। अध्यक्षता भाजपा नेत्री डा. कांता त्यागी व संचालन अनुराग आर्य ने किया।
संयोजक जनेश्वर प्रसाद आर्य, अमरेश आर्य, गजराज सिंह राणा, संदीप शर्मा, राजकिशोर गुप्ता, ईश्वर सिंह आर्य, बिजेंद्र आर्य, विपिन शक्ति सिंह व डा. रामकृष्ण आदि रहे। वहीं, रामनवमी शोभायात्रा आयोजन समिति द्वारा नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का उद्घाटन संस्कार भारती मेरठ प्रांत के सह महामंत्री इंद्रपाल सिंह व सर्वोदय ज्ञान पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य रूपेश सैनी ने किया।
शोभायात्रा रेलवे स्टेशन, सुभाष चौक, शास्त्री चौक, नेचलगढ़ और मजनूवाला रोड से होकर देवीकुंड पर जाकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में डा. लोकेश वत्स, स्तुति शर्मा, शालिनी, सीमा रानी, रजत चौधरी, कौशिकी, बीके कश्यप, सेवाराम सैनी, नितिन कुमार, नीरज, नीना, शुभम चौधरी व अनुज कुमार आदि रहे।

