जनवाणी संवाददाता |
रामपुर मनिहारिन: क्षेत्र के एक गांव में अवैध असला के साथ एक युवक का समारोह में डांस और हर्ष फायरिंग करते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव लंढोरा गुज्जर का है। पुलिस के अनुसार इस मामले में क्षेत्र की चुनेटी चौकी इंचार्ज रोबिल्स कुमार ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जिसमें बताया गया है कि वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई और युवक की तलाश शुरू कर दी इस दौरान मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गाँव के ही जंगल से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस द्वारा जिसकी तलाशी लेने पर एक पोनिया मय खोखा कारतूस 12 बोर बरामद किया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी युवक दीपचंद उर्फ सोनू पुत्र ओमप्रकाश निवासी गांव लंढोरा गुज्जर ने बताया कि उसके भाई अरविंद के घर में समारोह के दौरान उसने हर्ष फायरिंग की थी।
जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की भनक लगते ही वह अवैध असलहा को छिपाने के लिए जंगल में जा रहा था कि पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने बाद में आरोपी के खिलाफ अवैध शस्त्र अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।