जनवाणी ब्यूरो |
वाराणसी: सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के आर्थिक ढांचे एवँ सम्पूर्ण परिसर के उद्धार के लिये आज जनपद के प्रसिद्ध उद्योगपतियों एवँ समाज सेवकों के साथ गहन मंथन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो हरेराम त्रिपाठी ने बताया कि उद्योगपतियों ने विश्वविद्यालय को आत्मनिर्भर बनाने के दृष्टि प्रसिद्ध वास्तुविद ई आर सी जैन ने पहल करते हुये शताब्दी भवन को गोद लेकर आधुनिक माडल से उच्च स्तरीय अतिथि गृह बनाया जायेगा।
इससे विश्वविद्यालय की आर्थिक स्थिति सुदृढ होगी साथ ही पर्यटन के क्षेत्र में भी बढावा मिलेगा। कुलपति प्रो त्रिपाठी ने बताया कि यहां के परिसर स्थित विभिन्न उद्यानों/पार्कों को उच्चस्तरीय एवँ आधुनिक रूप से तैयार करने के भी उद्योगपतियों ने हाथ बढ़ाया है साथ ही कुछ और स्थलों का चिन्हिकरण कर पार्क या उद्यान के रूप में विकसित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि उक्त बैठक में परिसर में स्थित नवीन,गंगानाथ झाँ एवँ शोध छात्रावास आदि के शौचालय आदि का जीर्णोद्धार किया जाएगा जो स्वच्छता मे सहयोगी होंगे।
परिसर स्थित अत्यंत प्राचीन पंच मन्दिर को आधुनिक भव्यता के साथ तथा पर्यटन के दृष्टि में आधुनिक भव्य गेट और मन्दिर परिसर को तैयार करने पर गहन मंत्रणा हुई। जिसके लिये सभी लोगों के प्रत्येक स्तर पर सहयोग करने के लिये अपने हाथ बढाये।
कुलपति प्रो हरेराम त्रिपाठी ने बताया कि गत दिनों उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल एवँ कुलाधिपति श्रीमती आनन्दीबेन पटेल ने स्थानीय उद्योगपतियों को विश्वविद्यालय के भवनों के जीर्णोद्धार के लिये सहयोग देने की बात कही थी उसी क्रम मे यह अनूठा पहल है। कुलपति प्रो त्रिपाठी ने बताया कि गत दिनों देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के परिसर मे आकस्मिक भ्रमण एवँ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के संस्कृत को बढावा देने की दृष्टि में सभी उद्योगपतियों एवँ सामाजिक संगठनों ने भी सहयोग के लिये हाथ बढ़ाया है। बैठक मे मुख्य रूप से वास्तुविद ई आर सी जैन, अशोक अग्रवाल, डॉ मृदुल मिश्र, वेद अग्रवाल, जय शंकर शर्मा, विन्ध्याचल आदि लोगउपस्थित रहे।